नागपुर में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, एक दिन में औसतन 55.2 मिमी बारिश दर्ज; रामटेक और पारशिवनी में हुई सबसे अधिक वर्षा

नागपुर जिले में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। गुरुवार को जिले में औसतन 55.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि कई तहसीलों में जोरदार वर्षा हुई। अच्छी बारिश से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है और जलाशयों के साथ भूजल स्तर में भी सुधार के संकेत दिखाई दे रहे हैं।
विषयसूची
Nagpur Weather: नागपुर जिले में आज गुरुवार को मानसून ने जोरदार दस्तक दी। पूरे जिले में औसतन 55.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। जिला प्रशासन की वर्षा रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई की शुरुआत के साथ अब तक जिले में 57.0 मिलीमीटर संचयी वर्षा हो चुकी है, जो सामान्य औसत का 18.7 प्रतिशत है। अच्छी बारिश से किसानों को खरीफ फसलों की बुवाई में राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही जलाशयों और भूजल स्तर में भी सुधार की संभावना बढ़ गई है।
रामटेक और पारशिवनी में सबसे ज्यादा बारिश
जिले की अलग-अलग तहसीलों में बारिश का स्तर अलग-अलग रहा। सबसे ज्यादा रामटेक में 85.1 मिमी और पारशिवनी में 84.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा नरखेड़ में 75.9 मिमी, काटोल में 61.8 मिमी और कामठी में 59.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
नागपुर शहर में 54.2 मिमी, नागपुर ग्रामीण में 52.6 मिमी, सावनेर में 53.7 मिमी, कळमेश्वर में 54.0 मिमी और हिंगना में 50.6 मिमी बारिश हुई। वहीं मौदा में 47.8 मिमी, कुही में 46.6 मिमी और उमरेड में 41.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
वहीं जिले में सबसे कम बारिश भिवापुर तहसील में हुई, जहां केवल 21.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। यह अन्य तहसीलों की तुलना में सबसे कम रही।
अगले कुछ दिनों तक बारिश के आसार
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में जिले के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले इलाकों से बचने और जरूरत होने पर ही यात्रा करने की अपील की है। वहीं कृषि विभाग ने किसानों को मौसम का पूर्वानुमान देखते हुए खरीफ फसलों की बुवाई और अन्य कृषि कार्य करने की सलाह दी है। लगातार हो रही बारिश से जलस्रोतों में पानी बढ़ने और खेती-किसानी को फायदा मिलने की उम्मीद है।

