दुर्गा पूजा से पहले गड्ढा मुक्त होंगी कोलकाता की सड़कें, 500 सड़कों की मरम्मत शुरू

दुर्गा पूजा से पहले कोलकाता की सड़कों की मरम्मत का काम शुरू हो गया है। 10 अक्टूबर तक शहर को गड्ढा-मुक्त बनाने का लक्ष्य है। जानें प्रमुख रूटों और सड़क मरम्मत की पूरी जानकारी।
विषयसूची
इन प्रमुख रूटों पर चल रहा सड़क मरम्मत का काम
कोलकाता की सड़कों पर कहीं गड्ढे बने हुए हैं तो कहीं सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर ब्लैक स्पॉट बन चुका है और नीचे की बजरी बाहर निकल आई है। इस स्थिति को देखते हुए दुर्गा पूजा से पहले शहर की सड़कों को आवागमन के योग्य बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। कोलकाता नगर निगम के सूत्रों के अनुसार शहर की छोटी-बड़ी और मंझोली मिलाकर करीब पांच सौ सड़कों की मरम्मत का काम हाथ में लिया गया है। हालांकि, रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण काम में बाधा आ रही है।
10 अक्टूबर तक काम पूरा करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पहले ही घोषणा की है कि 10 अक्टूबर तक शहर सहित पूरे राज्य की सभी सड़कों की मरम्मत कर दी जाएगी। उसी आदेश के अनुसार कोलकाता में भी तेजी से काम शुरू हुआ है। निगम के सड़क विभाग के अनुसार शहर की प्रमुख सड़कों को खास तौर पर चिह्नित किया गया है। जहां सड़कें ऊंची-नीची हैं या गिट्टी उखड़ गई है वहां फिलहाल पैचवर्क कर गड्ढों को भरा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पूजा से पहले सड़कों को समतल और पूरी तरह गड्ढा मुक्त बनाना ही प्राथमिकता है जबकि सड़कों का पूर्ण जीर्णोद्धार पूजा के बाद किया जाएगा।
400 से ज्यादा मोहल्ला सड़कों का होगा कायाकल्प
शहर की प्रमुख सड़कों का रख-रखाव सड़क विभाग संभालता है जबकि विभिन्न मोहल्लों और गलियों की मरम्मत की जिम्मेदारी बोरो इंजीनियरिंग विभाग की है। संबंधित विभाग के अनुसार, फिलहाल चार सौ से अधिक मोहल्ला सड़कों के जीर्णोद्धार का काम तय किया गया है। निगम अधिकारियों का कहना है कि इस बार चुनाव से पहले चलाए गए विशेष अभियान के तहत 80 प्रतिशत गलियों का काम पहले ही पूरा हो चुका था इसलिए इस साल नई मरम्मत प्रस्तावों की संख्या अपेक्षाकृत कम है।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

