Nishant Kumar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार आज रविवार को औपचारिक रूप से राजनीति में उतरने जा रहे हैं. पटना स्थित प्रदेश जेडीयू कार्यालय में दोपहर 1 बजे निशांत कुमार औपचारिक तौर पर जेडीयू की सदस्यता ग्रहण करेंगे. इस खास मौके पर जेडीयू के कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे. निशांत कुमार के पार्टी में स्वागत के लिए पार्टी कार्यालय के आसपास बड़े-बड़े पोस्टर भी लगाए गए हैं.
मालूम हो निशांत कुमार को लेकर बिहार की राजनीति में कई तरह की संभावनाएं जताई जा रही है. इसी बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले जेडीयू विधायक हरि नारायण सिंह ने दावा किया है कि निशांत कुमार को डिप्टी सीएम बनाने पर सहमति बनी है।
विधायक दल की बैठक में हुआ फैसला
हरि नारायण सिंह नालंदा जिले के हरनौत से विधायक हैं। यह वही क्षेत्र है जहां से कभी नीतीश कुमार ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। सिंह ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री आवास पर शुक्रवार को विधायक दल की एक बैठक हुई थी। इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। उनके मुताबिक, बैठक में यह फैसला लिया गया कि निशांत कुमार को राजनीति में लाया जाएगा और उन्हें नई सरकार में डिप्टी सीएम बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। उन्होंने बताया कि निशांत की उम्र करीब 40 साल है और अब उन्हें सक्रिय राजनीति में लाने की तैयारी की जा रही है।
विधान परिषद चुनाव के जरिए राजनीति में एंट्री की तैयारी
विधायक ने यह भी कहा कि निशांत कुमार आधिकारिक तौर पर जेडीयू में शामिल होंगे। चूंकि किसी संवैधानिक पद के लिए विधायक या विधान परिषद का सदस्य होना जरूरी होता है, इसलिए उन्हें अगले महीने होने वाले विधान परिषद चुनाव के जरिए सदस्य बनाया जा सकता है। बताया गया कि परिषद की नौ सीटों पर हर दो साल में चुनाव होते हैं और उसी प्रक्रिया के तहत उन्हें मौका मिल सकता है।