अभया की मां ने राजनीति में रखा कदम, न्याय की लड़ाई को दी नई दिशा
Abhaya mother Ratna Debnath BJP candidate West Bengal assembly election: कोलकाता | पश्चिम बंगाल आरजी कर मेडिकल कॉलेज कांड में मारी गई डॉक्टरी छात्रा अभया की माँ रत्ना देवनाथ ने अब सीधे राजनीति के मैदान में उतरने का फैसला किया है। उन्होंने गुरुवार को खुद मीडिया के सामने यह खुलासा किया कि वे आगामी 2026 विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ना चाहती हैं।
सूत्रों के अनुसार, उत्तर 24 परगना जिले की पानीहाटी विधानसभा सीट से वे BJP की प्रत्याशी हो सकती हैं।
खुद किया BJP को फोन
रत्ना देवनाथ ने मीडिया को बताया कि शुरुआत में कई राजनीतिक दलों ने उन्हें प्रस्ताव दिया था, लेकिन उन्होंने मना कर दिया था। हालांकि समय के साथ राज्य में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती हालत, महिला सुरक्षा की अनदेखी और हर तरफ फैले भ्रष्टाचार को देखकर उनकी सोच बदली।
पानीहाटी से चुनाव लड़ने की तैयारी, कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर उठाए सवाल
उनके शब्दों में – “महिलाओं की सुरक्षा नहीं है, चारों तरफ भ्रष्टाचार है। इस हालत में राजनीति में नहीं आए तो लड़ाई और मुश्किल हो जाएगी।”
उन्होंने यह भी बताया कि BJP को चुनने की वजह यह है कि उनके विचार में राज्य में विपक्षी ताकत के रूप में BJP के सत्ता में आने की सबसे अधिक संभावना है। उन्होंने खुद फोन करके पार्टी में उम्मीदवारी की इच्छा जताई।
CBI जांच से नाखुश
बेटी को न्याय दिलाने के सवाल पर रत्ना देवनाथ ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि वे जांच की रफ्तार से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने CBI अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जांच सही तरीके से नहीं हो रही, जिससे न्याय मिलने में देरी हो रही है।
राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि रत्ना देवनाथ अपने व्यक्तिगत दर्द और आक्रोश को राजनीतिक मंच पर अपनी लड़ाई का हथियार बनाने के लिए तैयार हैं। BJP की ओर से उनकी उम्मीदवारी की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।
रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल