PM Modi AI Photo: बढ़ती डिजिटल दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जहां एक ओर नई संभावनाएं खोल रहा है, वहीं इसके दुरुपयोग के मामले भी सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जिसमें दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार के अरवल जिले से एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सिद्धनाथ कुमार के रूप में हुई है, जिसे मौलानाचक गांव से पकड़ा गया।
पीएम मोदी की आपत्तिजनक तस्वीर बनाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर आरोप है कि उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आपत्तिजनक तस्वीरें AI की मदद से बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कीं। यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए दिल्ली लाया गया है, जहां लोधी कॉलोनी स्थित स्पेशल सेल में दर्ज मामले की जांच जारी है।
कई महिला विधायकों की तस्वीर
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने केवल प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि एक महिला बीजेपी विधायक और विदेश की एक महिला नेता की भी एडिट की गई तस्वीरें शेयर की थीं। इससे मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन तस्वीरों को किन-किन प्लेटफॉर्म्स पर फैलाया गया और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
युवक पर मानहानि समेत कई गंभीर आरोप
पुलिस का कहना है कि इस तरह की फर्जी और भ्रामक सामग्री समाज में गलत संदेश फैलाने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को भी प्रभावित कर सकती है। इसी कारण आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिनमें फर्जी दस्तावेज बनाना, मानहानि और धमकी जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।