जरूर पढ़ें

नागपुर में गैस एजेंसी निलंबित, हजारों ग्राहकों की बढ़ी परेशानी

नागपुर में गैस एजेंसी निलंबित, हजारों ग्राहकों की बढ़ी परेशानी
नागपुर में गैस एजेंसी निलंबित, हजारों ग्राहकों की बढ़ी परेशानी
Updated:

HP Gas Agency suspended: नागपुर के नारी रोड स्थित संगीता एचपी गैस एजेंसी पर प्रशासन की कार्रवाई ने जहां एक ओर कालाबाजारी पर लगाम लगाने का काम किया है, वहीं दूसरी ओर इस फैसले का खामियाजा अब आम उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। एजेंसी के निलंबन के बाद हजारों परिवारों के सामने रसोई गैस का संकट खड़ा हो गया है और कई घरों में चूल्हा तक जलाना मुश्किल हो गया है।

बुकिंग के बाद भी 15 से 20 दिनों तक नहीं मिलता था सिलेंडर

दरअसल, ग्राहकों की लगातार शिकायतों के बाद एजेंसी के खिलाफ जांच शुरू हुई थी। उपभोक्ताओं का आरोप था कि घरेलू गैस सिलेंडरों की बड़े पैमाने पर कालाबाजारी की जा रही थी। लोग बताते हैं कि बुकिंग कराने के बावजूद 15 से 20 दिनों तक सिलेंडर नहीं मिलता था, जबकि वही सिलेंडर ऊंचे दामों पर व्यावसायिक उपयोग के लिए बेच दिए जाते थे। इस गंभीर मामले को लेकर ‘दक्षता कल्याण फाउंडेशन’ ने पहल की, जिसके बाद एचपीसीएल ने एजेंसी को निलंबित करने का निर्णय लिया।

कैसे जलेगा चूल्हा ?

इस कार्रवाई के बाद सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि अब इन उपभोक्ताओं का क्या होगा? एजेंसी से जुड़े हजारों ग्राहकों के पुनर्वास को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी नहीं किया गया है। न तो वैकल्पिक गैस एजेंसी से जोड़ने की व्यवस्था की गई है और न ही आपूर्ति बहाल करने की कोई ठोस योजना सामने आई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एजेंसी की गलती की सजा उन्हें क्यों भुगतनी पड़ रही है। कई परिवारों में छोटे बच्चे और बुजुर्ग हैं, जिनके लिए रोजमर्रा का खाना बनाना अब चुनौती बन गया है। कुछ लोग मजबूरी में महंगे दामों पर गैस खरीदने को विवश हैं, तो कुछ ने अस्थायी तौर पर लकड़ी या अन्य विकल्पों का सहारा लेना शुरू कर दिया है।

नजदीकी गैस एजेंसियों से जोड़ने की मांग

गुस्साए उपभोक्ताओं ने प्रशासन और एचपीसीएल से मांग की है कि जल्द से जल्द उन्हें नजदीकी गैस एजेंसियों से जोड़ा जाए और नियमित आपूर्ति बहाल की जाए। उनका कहना है कि कार्रवाई जरूरी थी, लेकिन इसके साथ-साथ उपभोक्ताओं के हितों का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है।

Rashtra Bharat
Rashtra Bharat पर पढ़ें ताज़ा खेल, राजनीति, विश्व, मनोरंजन, धर्म और बिज़नेस की अपडेटेड हिंदी खबरें।

Dipali Kumari

दीपाली कुमारी पिछले तीन वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में कार्यरत हैं। उन्होंने रांची के गोस्सनर कॉलेज से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। सामाजिक सरोकारों, जन-जागरूकता और जमीनी मुद्दों पर लिखने में उनकी विशेष रुचि है। आम लोगों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाना और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्नों को धारदार लेखन के माध्यम से सामने लाना उनका प्रमुख लक्ष्य है।