Samrat Choudhary: बिहार को हाल ही में सम्राट चौधरी के रूप में नया मुख्यमंत्री मिला है. नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अब पूरी तरह एक्टिव मोड में नजर आ रहे हैं। पद संभालने के कुछ ही दिनों के भीतर उन्होंने कामकाज की रफ्तार तेज कर दी है। इसी कड़ी में आज मंगलवार को वे दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं, जहां उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से होने वाली है। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनकी पीएम मोदी से पहली औपचारिक मुलाकात होगी, जिस पर राजनीतिक गलियारों की नजर टिकी हुई है।
चुनावी रैलियों में व्यस्त थे पीएम मोदी
जानकारी के मुताबिक, इससे पहले पीएम मोदी के व्यस्त कार्यक्रम खासकर पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर यह मुलाकात संभव नहीं हो पाई थी। लेकिन अब समय मिलने के बाद दोनों नेताओं की बैठक तय हुई है। माना जा रहा है कि इस दौरान बिहार के विकास, केंद्र की योजनाओं और राज्य में चल रही परियोजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हो सकती है।
15 अप्रैल को हुआ था शपथ ग्रहण
सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ जेडीयू कोटे से दो उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र यादव और विजय चौधरी ने भी पदभार संभाला। शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी के शामिल होने की चर्चा थी, लेकिन वे उस कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके थे। ऐसे में अब यह मुलाकात और भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
एक्टिव मोड में सीएम
मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही सम्राट चौधरी का अंदाज अलग नजर आ रहा है। वे लगातार जनता के बीच जा रहे हैं, ‘जनता दरबार’ में लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और त्वरित समाधान का भरोसा दे रहे हैं। उनके इस सीधे संवाद ने आम लोगों में उम्मीद जगाई है कि सरकार अब तेजी से काम करेगी। खुद सीएम ने भी साफ कहा है कि उनका लक्ष्य बिहार को एक विकसित राज्य बनाना है, और इसके लिए वे अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ काम करेंगे।
सिर्फ प्रशासनिक मोर्चे पर ही नहीं, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक मंचों पर भी सम्राट चौधरी सक्रिय दिख रहे हैं। हाल ही में पटना में आयोजित ‘जन आक्रोश महिला सम्मेलन’ में उनकी मौजूदगी चर्चा में रही। महिला आरक्षण बिल को लेकर आयोजित पदयात्रा में उन्होंने महिलाओं का खुलकर समर्थन किया। मंच से उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि वे हर महिला की सुरक्षा के लिए खड़े हैं और किसी भी तरह की असुरक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।