Patna Encounter News: बिहार में इन दिनों अपराध के खिलाफ पुलिस की सख्ती साफ नजर आ रही है। लगातार हो रही कार्रवाई के बीच राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है. ज्वेलरी शॉप लूटकांड में शामिल एक आरोपी का पुलिस ने एनकाउंटर किया है।
यह मामला रामकृष्ण नगर इलाके का है, जहां कुछ दिन पहले एक ज्वेलरी दुकान में करीब 20 लाख रुपये की लूट हुई थी। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी। दुकानदार धनंजय कुमार के साथ मारपीट कर अपराधियों ने सोने-चांदी के गहने लूट लिए थे और मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
जांच में जुटी थी विशेष टीम
पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के मुताबिक, इस लूटकांड की जांच के लिए एक विशेष टीम बनाई गई थी। जांच के दौरान पुलिस को उदित नाम के व्यक्ति के जरिए अहम सुराग मिला, जिसके बाद दिलीप कुमार और रोहन की पहचान हुई। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने लूट में शामिल होने की बात कबूल की। बताया गया कि दिलीप ही वह शख्स था, जिसने दुकान के मालिक के साथ मारपीट की थी।
आरोपी ने पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस जब दिलीप को लेकर बेउर स्थित कृषि फार्म में छिपाए गए हथियारों की बरामदगी के लिए पहुंची, तभी स्थिति अचानक बिगड़ गई। दिलीप ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दिलीप के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
मौके से कई हथियार बरामद
घटनास्थल से पुलिस ने एक कट्टा, जिंदा कारतूस, गोली और खोखा बरामद किया है। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपी भी गिरफ्त में होंगे।