जरूर पढ़ें

नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने शुरू की अपनी ‘सद्भाव यात्रा’, पिता के पैर छूकर लिया आशीर्वाद

नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने शुरू की अपनी ‘सद्भाव यात्रा’, पिता के पैर छूकर लिया आशीर्वाद
नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने शुरू की अपनी ‘सद्भाव यात्रा’, पिता के पैर छूकर लिया आशीर्वाद (Pic Credit- X @dharmendra_nld)

नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने बगहा से अपनी पहली राजनीतिक ‘सद्भाव यात्रा’ शुरू कर बिहार की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी। पटना से रवाना होने से पहले पिता का आशीर्वाद लिया। जेडीयू इसे नई पीढ़ी के नेतृत्व और संगठन को मजबूत करने वाली अहम शुरुआत मान रही है।

Updated:

Nishant Kumar: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने आज 3 मई को अपनी पहली राजनीतिक यात्रा ‘सद्भाव यात्रा’ की शुरुआत की। पश्चिम चंपारण के बगहा से शुरू होने वाली इस यात्रा के लिए निशांत पटना से ‘निश्चय रथ’ पर रवाना हुए। यात्रा से पूर्व निशांत ने अपने पिता नीतीश कुमार के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

पटना स्थित जेडीयू कार्यालय के बाहर आज सुबह से ही कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटी थी। पार्टी समर्थकों के नारों और उत्साह के बीच निशांत कुमार का स्वागत हुआ। फूलों से सजे निश्चय रथ पर सवार होने से पहले उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया और अपनी यात्रा के उद्देश्य को साफ किया।

निशांत कुमार की पहली राजनीतिक यात्रा

निशांत कुमार ने कहा कि यह उनकी पहली राजनीतिक यात्रा है और इसकी शुरुआत चंपारण की धरती से होना उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने महात्मा गांधी के चंपारण सत्याग्रह का जिक्र करते हुए कहा कि गांधी जी ने भी बदलाव की शुरुआत इसी धरती से की थी। ऐसे में वे भी जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश होगी कि पार्टी के छोटे-छोटे कार्यकर्ताओं से जुड़ें, उनकी बातें सुनें और जनता की समस्याओं को समझकर समाधान निकालें। निशांत ने यह भी कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार ने बिहार के लिए जो काम किए हैं, वे उन कार्यों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।

जेडीयू की नई पीढ़ी

इस मौके पर जेडीयू नेताओं ने भी निशांत की यात्रा को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण बताया। एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि अब जेडीयू की नई पीढ़ी के नेतृत्व की तस्वीर साफ दिख रही है। उनके मुताबिक, नीतीश कुमार ने बिहार की तस्वीर बदली और अब संगठन को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी निशांत के हाथों में दिखाई दे रही है।

पूर्व मंत्री अशोक चौधरी ने भी इसे संगठन को मजबूत करने वाली यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि निशांत की यह शुरुआत जेडीयू को नई ऊर्जा दे सकती है।

Rashtra Bharat
Rashtra Bharat पर पढ़ें ताज़ा खेल, राजनीति, विश्व, मनोरंजन, धर्म और बिज़नेस की अपडेटेड हिंदी खबरें।

Dipali Kumari

दीपाली कुमारी पिछले तीन वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में कार्यरत हैं। उन्होंने रांची के गोस्सनर कॉलेज से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। सामाजिक सरोकारों, जन-जागरूकता और जमीनी मुद्दों पर लिखने में उनकी विशेष रुचि है। आम लोगों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाना और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्नों को धारदार लेखन के माध्यम से सामने लाना उनका प्रमुख लक्ष्य है।