Himanta Biswa Sarma: असम की राजनीति में एक बार फिर हिमंता बिस्वा सरमा का दबदबा कायम हो गया है। भाजपा विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगने के बाद अब वह लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। हिमंता बिस्वा सरमा 12 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस खबर के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जश्न का माहौल है।
एनडीए गठबंधन को मिली 95 से ज्यादा सीटें
4 मई को आए विधानसभा चुनाव परिणामों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 126 सीटों वाली असम विधानसभा में 82 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं एनडीए गठबंधन ने कुल मिलाकर 95 से ज्यादा सीटों पर कब्जा जमाया। इस बड़ी जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा नेतृत्व की रणनीति के साथ-साथ हिमंता बिस्वा सरमा की लोकप्रियता का भी बड़ा कारण माना जा रहा है।
हिमंता के कामों की सराहना
राजनीति में अपनी तेज रणनीति और आक्रामक शैली के लिए पहचाने जाने वाले हिमंता बिस्वा सरमा ने पिछले कार्यकाल में कई बड़े फैसले लिए थे। उनके नेतृत्व में राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में कई योजनाओं पर तेजी से काम हुआ। खासकर सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों के विस्तार को लेकर उनकी सरकार की काफी चर्चा हुई थी।
शपथ ग्रहण में शामिल होंगे पीएम मोदी समेत कई दिग्गज
शपथ ग्रहण समारोह को बेहद भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष और एनडीए के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है। भाजपा के लिए यह जीत इसलिए भी खास मानी जा रही है, क्योंकि इससे पूर्वोत्तर भारत में पार्टी की पकड़ और मजबूत हुई है।