आखिर क्यों मैदान पर आग-बबूला हो उठे 15 साल के वैभव सूर्यवंशी? श्रीलंकाई खिलाडियों संग की धक्का-मुक्की

भारत ए और श्रीलंका ए के बीच ट्राई सीरीज का मुकाबला सुपर ओवर के रोमांच के साथ विवादों में भी घिर गया। मैच के बाद 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी और एक श्रीलंकाई खिलाड़ी के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की की घटना सामने आई, जिसने क्रिकेट जगत का ध्यान खींच लिया।
विषयसूची
Vaibhav Sooryavanshi: भारत ए और श्रीलंका ए के बीच कल सोमवार को दांबुला में खेला गया ट्राई सीरीज का मुकाबला सिर्फ रोमांचक क्रिकेट के लिए नहीं, बल्कि मैच के बाद हुए विवाद के लिए भी चर्चा में आ गया है। मुकाबले के बाद भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का गुस्सा मैदान पर साफ देखने को मिला। स्थिति ऐसी बन गई कि उन्हें और एक श्रीलंकाई खिलाड़ी को अलग करने के लिए अंपायरों और अन्य खिलाड़ियों को हस्तक्षेप करना पड़ा।
मैच खत्म हो गया, अब तुम घर जाओ”
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मैच खत्म होने के बाद श्रीलंका ए के खिलाड़ी विशेन हलाम्बगे ने वैभव सूर्यवंशी से कहा, “मैच खत्म हो गया, अब तुम घर जाओ।” यह टिप्पणी भारतीय बल्लेबाज को नागवार गुजरी और दोनों खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। हालांकि समय रहते अन्य खिलाड़ियों और अधिकारियों ने स्थिति को संभाल लिया।
अभी देखा।
विक्रांत गुप्ता की वीडियो देखने के बाद।
कारण कुछ भी हो, वैभव सूर्यवंशी को इतनी जल्दी आपा नहीं खोना चाहिये।
ये गली क्रिकेट नहीं है।
रबाडा पर तब बैन लगा था जब उसने स्टीव स्मिथ को टच तक नहीं किया था।
यहाँ वैभव जानबूझ कर धक्के दे रहा।
ये बेहद तगड़ा अपराध है।
लंबा जाना है तो… pic.twitter.com/XZUtpbV45b— Exx Cricketer (@old_cricketer) June 15, 2026
मुकाबले में पहले से तनावपूर्ण था माहौल
दरअसल, इस पूरे मुकाबले में पहले से ही तनाव का माहौल बना हुआ था। मैच टाई होने के बाद सुपर ओवर कराने को लेकर दोनों टीमों और अंपायरों के बीच लंबी चर्चा चली। कम रोशनी के कारण अंपायर शुरुआत में दोनों टीमों को एक-एक अंक देकर मुकाबला समाप्त करना चाहते थे, लेकिन भारत ए के कप्तान तिलक वर्मा सुपर ओवर कराने के पक्ष में थे। करीब 15 मिनट की चर्चा के बाद सुपर ओवर कराने का फैसला लिया गया।
अंपायरों के साथ उलझे तिलक वर्मा
विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। सुपर ओवर की आखिरी गेंद के दौरान भी नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला। गेंद फेंके जाने के बाद वैभव सूर्यवंशी बल्लेबाजी की तैयारी के लिए डगआउट की ओर दौड़ पड़े, लेकिन अंपायरों ने उस गेंद को नो-बॉल करार दे दिया। इस फैसले से भारतीय टीम नाराज दिखी और तिलक वर्मा ने अंपायरों से बहस भी की। इसके बाद वैभव को दोबारा मैदान पर लौटना पड़ा।
भारत को मिली हार
सुपर ओवर में श्रीलंका ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 रन बनाए। जवाब में भारत ए की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 9 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई। हार के बाद खिलाड़ियों की भावनाएं भी चरम पर थीं, जिसके चलते मैदान पर तनाव और बढ़ गया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस घटना को लेकर श्रीलंका ए के ड्रेसिंग रूम में भी चर्चा हुई। कुछ सदस्यों ने भारतीय टीम से माफी मांगने की बात कही। फिलहाल यह विवाद क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है और सभी की नजरें आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

