Rashtra Bharat Logo

शिक्षा, नीति और नेतृत्व: नागपुर के TNB जनमंच पर उच्च शिक्षा का असली चेहरा सामने आया

शिक्षा, नीति और नेतृत्व: नागपुर के TNB जनमंच पर उच्च शिक्षा का असली चेहरा सामने आया
IIM Nagpur and Nagpur University on Education Policy: जब कुलपति और IIM निदेशक ने एक मंच पर खोले शिक्षा के असली सवाल

IIM Nagpur and Nagpur University on Education Policy: नागपुर में TNB जनमंच के अंतर्गत नागपुर विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. मनाली क्षीरसागर और IIM नागपुर के निदेशक प्रो. भीमराया मेत्री ने उच्च शिक्षा, नई शिक्षा नीति 2020 और भारत-केंद्रित प्रबंधन शिक्षा पर सार्थक संवाद किया। छात्रों की प्राथमिकताओं और अभिभावकों की सोच बदलने की ज़रूरत पर विशेष ज़ोर दिया गया।

Updated:
·by
Gangesh Kumar
Gangesh Kumar
Share:

TNB – द न्यू भारत द्वारा आयोजित TNB जनमंच : चाय, चर्चा और चिंतन के अंतर्गत नागपुर में शिक्षा, नई शिक्षा नीति और राष्ट्र निर्माण की भूमिका पर गंभीर, विचारोत्तेजक और तथ्यपरक संवाद का आयोजन किया गया। इस चर्चा में डॉ. मनाली क्षीरसागर, कुलपति, राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय तथा प्रो. भीमराया मेत्री, निदेशक, भारतीय प्रबंध संस्थान नागपुर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर डॉ. मनाली क्षीरसागर ने कहा कि आज के विद्यार्थी विश्वविद्यालयों को उनके वादों या दृष्टि वक्तव्यों से नहीं, बल्कि समय पर परीक्षाएँ, त्रुटिरहित परिणाम और समस्याओं के त्वरित समाधान जैसी व्यवस्थाओं से आंकते हैं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिक्षा व्यवस्था में परिवर्तन केवल विद्यार्थियों तक सीमित नहीं हो सकता, बल्कि अपेक्षित परिणामों के लिए अभिभावकों की सोच में बदलाव भी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति 2020 के लगभग 40 प्रतिशत प्रावधानों को अपनाया जा चुका है और यह नीति विकसित भारत के स्वप्न को साकार करने में निर्णायक भूमिका निभाएगी।

संवाद के दौरान प्रो. भीमराया मेत्री ने IIM नागपुर के कार्यों और भावी रणनीतियों से अवगत कराते हुए कहा कि IIM अब केवल पश्चिमी प्रबंधन मॉडल पर निर्भर न रहकर भारत की सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक व्यवस्था को समझते हुए प्रबंधन शिक्षा को आगे बढ़ा रहे हैं, जिससे भारतीय समाज की वास्तविकताओं पर आधारित केस-स्टडी और शोध प्रबंधन शिक्षा को अधिक प्रासंगिक और प्रभावी बनाएँगे।

इस समग्र संवाद के माध्यम से नागपुर विश्वविद्यालय और IIM नागपुर के वर्तमान कार्यों, शैक्षिक दृष्टि और भावी योजनाओं से परिचय कराया गया। कार्यक्रम का संचालन TNB – द न्यू भारत के संस्थापक प्रा. रवि शुक्ला ने किया, जिन्होंने कहा कि TNB जनमंच का उद्देश्य रचनात्मक और सार्थक संवाद के माध्यम से समाज में सकारात्मक सोच और जागरूकता का वातावरण बनाना है। कार्यक्रम में भिन्न संगठनों के प्रतिनिधि, शिक्षाविद्, युवा विचारक आदि उपस्थित रहे तथा आयोजन को सफल बनाने में संकेत हजारे, सोनू तिवारी और आकांक्षा शुक्ला ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


Rashtra Bharat
Rashtra Bharat पर पढ़ें ताज़ा खेल, राजनीति, विश्व, मनोरंजन, धर्म और बिज़नेस की अपडेटेड हिंदी खबरें।