Asha Bhosle Health Update: संगीत की दुनिया से कल शनिवार को एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने करोड़ों फैंस को चिंता में डाल दिया है। अपनी आवाज से दशकों तक दिलों पर राज करने वाली दिग्गज गायिका आशा भोसले की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 92 साल की उम्र में भी सक्रिय रहने वाली आशा भोसले के अस्पताल पहुंचने की खबर ने इंडस्ट्री और फैंस दोनों को भावुक कर दिया है।
कैसी है आशा भोसले की तबीयत ?
जानकारी के मुताबिक, 11 अप्रैल को अचानक तबीयत खराब होने के बाद उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि उन्हें सीने में संक्रमण (चेस्ट इंफेक्शन) और अत्यधिक थकान की शिकायत के चलते इमरजेंसी मेडिकल यूनिट में एडमिट किया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है और लगातार स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है।
पीएम मोदी ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना
इस बीच देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी आशा भोसले की सेहत को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। पीएम मोदी का यह संदेश सामने आने के बाद फैंस के बीच राहत की भावना भी देखने को मिली।
आशा भोसले की पोती ने दिया हेल्थ अपडेट
आशा भोसले की पोती ज़नाई भोसले ने कल सोशल मीडिया के जरिए उनकी हेल्थ अपडेट साझा की थी। उन्होंने बताया कि उनकी दादी को अत्यधिक थकान और सीने में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनका इलाज जारी है और परिवार ने लोगों से प्राइवेसी बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि जैसे ही कोई सकारात्मक अपडेट होगा, उसे साझा किया जाएगा।
12,000 से अधिक गानें
अगर आशा भोसले के करियर की बात करें तो वह भारतीय संगीत जगत की सबसे बहुमुखी और प्रतिभाशाली गायिकाओं में गिनी जाती हैं। वह लता मंगेशकर की छोटी बहन हैं और अपने लंबे करियर में 12,000 से ज्यादा गानों को अपनी आवाज दे चुकी हैं। उन्होंने रोमांटिक गीतों से लेकर गजल, भक्ति संगीत, कैबरे और पॉप तक हर शैली में अपनी अलग पहचान बनाई है।
इन पुरस्कारों से हुई सम्मानित
सम्मानों की बात करें तो आशा भोसले को पद्म विभूषण और दादा साहेब फाल्के पुरस्कार जैसे देश के सर्वोच्च सम्मान मिल चुके हैं। उम्र के इस पड़ाव पर भी उनकी सक्रियता और ऊर्जा लोगों के लिए प्रेरणा रही है।