‘370 रुपये की बिरयानी’ विवाद पर कॉमेडियन प्रणित मोरे ने मांगी माफी, कहा- “मुझसे बड़ी गलती हुई”

गुरुग्राम के कॉमेडी शो में हुए '370 रुपये की बिरयानी' विवाद पर स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना और कानूनी कार्रवाई की मांग के बीच उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि उन्हें उस वक्त आपत्तिजनक टिप्पणियों को रोक देना चाहिए था।
विषयसूची
Pranit More: स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे ने चर्चित ‘370 रुपये की बिरयानी’ विवाद पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। सोशल मीडिया पर लगातार आलोचना और कानूनी कार्रवाई की मांग के बीच प्रणित ने एक वीडियो जारी कर अपनी गलती स्वीकार की है। उन्होंने कहा कि जिस तरह की बातें उनके शो में कही गईं, उन्हें वहीं रोक देना चाहिए था, लेकिन वह ऐसा नहीं कर सके।
प्रणित मोरे ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में कहा कि वह लंबे समय से इस मुद्दे पर सफाई देना चाहते थे, लेकिन उनका इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड हो गया था। उन्होंने माना कि उन्हें जो आलोचना मिल रही है, वह काफी हद तक उसके हकदार हैं। उन्होंने कहा कि शो के दौरान एक दर्शक ने महिला के बारे में आपत्तिजनक बातें कही थीं और वहां मौजूद लोग उस पर हंस रहे थे। इसी माहौल में वह भी बहक गए और सही फैसला नहीं ले पाए।
मुझसे बड़ी गलती हुई- प्रणित
वीडियो में प्रणित ने कहा, “मुझसे बड़ी गलती हुई। मैं चाहता तो उस लड़के को वहीं रोक सकता था, लेकिन मैंने ऐसा नहीं किया। इसके बजाय मैंने उसे एक मंच दे दिया, जिससे मामला और बढ़ गया। जिन लोगों की भावनाएं इस वजह से आहत हुई हैं, मैं उन सभी से माफी मांगता हूं।”
View this post on Instagram
जांच एजेंसियों को सहयोग कर रहे हैं प्रणित
उन्होंने यह भी कहा कि उनके खिलाफ जो भी कानूनी कार्रवाई चल रही है, उसमें वह जांच एजेंसियों और अधिकारियों का पूरा सहयोग कर रहे हैं। साथ ही लोगों से उन्हें एक और मौका देने की अपील की। प्रणित ने भरोसा दिलाया कि वह भविष्य में अपनी जिम्मेदारी को बेहतर तरीके से समझेंगे और एक बेहतर इंसान बनने की कोशिश करेंगे।
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, यह विवाद गुरुग्राम में हुए एक कॉमेडी शो के दौरान शुरू हुआ था। शो में मौजूद एक युवक ने दावा किया था कि उसने डेट पर एक लड़की पर 370 रुपये खर्च किए थे और वह उन पैसों की “वसूली” करना चाहता था। युवक की इस टिप्पणी को महिलाओं के प्रति अपमानजनक माना गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में प्रणित मोरे उस बातचीत में दिलचस्पी लेते नजर आए, जिसके बाद लोगों ने उनकी भी आलोचना शुरू कर दी।
इस विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि स्टैंडअप कॉमेडी मनोरंजन का माध्यम है, लेकिन इसके नाम पर सामाजिक मर्यादा और गरिमा का उल्लंघन स्वीकार नहीं किया जा सकता।

