समय रैना को कहा “कुत्ते की दुम”, अब जमकर ट्रोल हो रहे मुकेश खन्ना, जानिए क्या है पूरा मामला

समय रैना के यूट्यूब कमबैक वीडियो में दिए गए बयान पर मुकेश खन्ना नाराज हो गए और उन्होंने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने समय पर तीखे शब्दों में हमला किया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोग मुकेश खन्ना को ही ट्रोल करने लगे। यह विवाद अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
विषयसूची
Samay Raina vs Mukesh Khanna: कॉमेडियन समय रैना एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका यूट्यूब कमबैक वीडियो है, जिसमें उन्होंने पिछले एक साल की कॉन्ट्रोवर्सी, आलोचनाओं और अपने अनुभवों पर खुलकर बात की। लेकिन इस वीडियो में एक पुराना नाम भी सामने आया, वो है मुकेश खन्ना। और बस यहीं से एक नया विवाद शुरू हो गया।
समय रैना ने अपने वीडियो में ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ विवाद का जिक्र करते हुए उन लोगों पर हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी की, जिन्होंने उस वक्त उन्हें निशाने पर लिया था। इस दौरान उन्होंने मुकेश खन्ना का भी जिक्र किया और कॉमिक अंदाज में कुछ बातें कही। लेकिन यह बात ‘शक्तिमान’ को रास नहीं आई।
“कुत्ते की दुम टेढ़ी ही रहती है”- मुकेश खन्ना
मुकेश खन्ना ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए अपने यूट्यूब चैनल और इंस्टाग्राम के जरिए खुलकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने बेहद सख्त शब्दों का इस्तेमाल करते हुए समय रैना पर निशाना साधा। अपने पोस्ट में उन्होंने यहां तक लिख दिया कि “कुत्ते की दुम टेढ़ी ही रहती है”, और समय रैना की तुलना भी उसी से कर दी। उनके इस बयान ने सोशल मीडिया पर तुरंत हलचल मचा दी।
यूट्यूब वीडियो में भी मुकेश खन्ना ने सीधे-सीधे अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की आजादी का मतलब यह नहीं है कि कोई भी किसी का मजाक उड़ाए या दूसरों की भावनाओं को ठेस पहुंचाए। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पहले भी समय रैना के शो को लेकर बड़ा विवाद हुआ था, जिसमें देशभर में प्रतिक्रिया देखने को मिली थी।
मुकेश खन्ना हुए ट्रोल
हालांकि, इस पूरे मामले में दिलचस्प मोड़ तब आया जब सोशल मीडिया यूजर्स ने मुकेश खन्ना को ही ट्रोल करना शुरू कर दिया। कई लोगों ने उनके शब्दों को जरूरत से ज्यादा आक्रामक बताया। कुछ यूजर्स ने यहां तक लिख दिया कि उन्हें अपने ‘शक्तिमान’ वाली छवि का ध्यान रखना चाहिए, जबकि कुछ ने मजाकिया अंदाज में कहा कि “सर, आपने भी पूरा शो देख लिया।”
समय रैना ने क्या कहा?
वहीं, समय रैना के वीडियो में कही गई बातें भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं। उन्होंने अपने अंदाज में यह सवाल उठाया था कि कंटेंट के असर की बात करने वाले लोग खुद अपने दौर में क्या मैसेज दे रहे थे। यह टिप्पणी सीधे तौर पर मुकेश खन्ना को चुभ गई।

