सपना चौधरी ने पति पर लगाए घरेलू हिंसा के आरोप, कोर्ट ने दी अंतरिम सुरक्षा

हरियाणवी गायिका और डांसर सपना चौधरी इन दिनों अपने वैवाहिक विवाद को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने पति वीर साहू पर घरेलू हिंसा और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने सपना को अंतरिम सुरक्षा प्रदान करते हुए पति पर कई तरह की पाबंदियां लगा दी हैं।
विषयसूची
Sapna Choudhary: हरियाणा की मशहूर डांसर और गायिकासपना चौधरी एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका कोई नया गाना या स्टेज शो नहीं, बल्कि उनका वैवाहिक विवाद है। सपना चौधरी ने अपने पति यशवीर साहू उर्फ वीर साहू पर घरेलू हिंसा, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को गंभीर मानते हुए द्वारका महिला कोर्ट ने सपना को अंतरिम सुरक्षा प्रदान की है और पति को उनसे संपर्क करने पर रोक लगा दी है।
2020 में वीर साहू से की थी शादी
जानकारी के अनुसार, सपना चौधरी और वीर साहू की मुलाकात दोस्ती के जरिए हुई थी। करीब चार साल तक एक-दूसरे को जानने के बाद दोनों ने जनवरी 2020 में शादी की थी। वीर साहू हरियाणा के हिसार से संबंध रखते हैं और सिंगर, लेखक, निर्माता तथा अभिनेता के रूप में पहचान रखते हैं। उन्होंने कई हरियाणवी फिल्मों और संगीत परियोजनाओं में काम किया है। हालांकि शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा।
शारीरिक हिंसा और प्रताड़ित करने का आरोप
सपना चौधरी ने अदालत में दायर अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि उनके पति ने कई बार उनके साथ शारीरिक हिंसा की। उन्होंने दावा किया कि लगातार प्रताड़ना और मारपीट के कारण उन्हें अपने बच्चों के साथ ससुराल छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। सपना की ओर से अदालत में मेडिकल रिपोर्ट, चोटों की तस्वीरें और कथित धमकियों से जुड़े दस्तावेज भी पेश किए गए हैं।
कोर्ट का सख्त आदेश
मामले की सुनवाई के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट निधि सिंह ने अंतरिम आदेश जारी करते हुए वीर साहू को सपना चौधरी से किसी भी प्रकार का संपर्क करने, उनके घर या कार्यस्थल के आसपास आने और सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनके पास जाने से रोक दिया है। यह आदेश अगली सुनवाई तक प्रभावी रहेगा।
सपना चौधरी हरियाणा की सबसे लोकप्रिय कलाकारों में गिनी जाती हैं। उनके डांस वीडियो और स्टेज शो देशभर में काफी पसंद किए जाते हैं। वह लोकप्रिय रियलिटी शो Bigg Boss 11 में भी नजर आ चुकी हैं, जिसके बाद उनकी लोकप्रियता और बढ़ गई थी।

