यश की ‘Toxic’ की रिलीज डेट फाइनल, बॉक्स ऑफिस पर श्रद्धा कपूर की ‘Eetha’ से होगा महामुकाबला

साउथ सुपरस्टार यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'Toxic: A Fairy Tale for Grown-Ups' की रिलीज डेट आखिरकार तय हो गई है। लंबे इंतजार के बाद मेकर्स ने फिल्म को 26 अगस्त 2026 को रिलीज करने का ऐलान किया है। फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर श्रद्धा कपूर की 'Eetha' से बड़ा मुकाबला होगा।
विषयसूची
Toxic Release Date: साउथ सुपरस्टार यश के फैंस का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘Toxic: A Fairy Tale for Grown-Ups’ की रिलीज डेट को लेकर चल रहा सस्पेंस अब समाप्त हो चुका है। कई बार टलने के बाद मेकर्स ने फिल्म की नई और आधिकारिक रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। अब यह फिल्म 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
यश ने शेयर की नयी पोस्टर
फिल्म की रिलीज को लेकर जानकारी खुद यश ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए साझा की। 21 जून को अभिनेता ने ‘Toxic’ का एक नया और दमदार पोस्टर जारी किया, जिसने फैंस के बीच उत्साह और बढ़ा दिया। पोस्टर शेयर करते हुए यश ने लिखा, “अपने पिता का सम्मान करें… #Toxic 26-08-2026 से दुनिया भर के सिनेमाघरों में।” इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
Honour Thy Father…#Toxic In Cinemas Worldwide from 26-08-2026#ToxicTheMovie#Nayanthara @advani_kiara #TaraSutaria@humasqureshi @rukminitweets #GeetuMohandas @VishalMMishra #RajeevRavi #UjwalKulkarni #TPAbid #MohanBKere #SandeepSadashiva #PrashantDileepHardikar… pic.twitter.com/oAlW0JdldO
— Yash (@TheNameIsYash) June 21, 2026
कई बार बदली गयी रिलीज डेट
गौरतलब है कि ‘Toxic’ की रिलीज डेट पहले भी कई बार बदली जा चुकी है। शुरुआत में फिल्म 19 मार्च को रिलीज होने वाली थी, जहां इसका मुकाबला रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ से होना था। बाद में इसे 4 जून के लिए शिफ्ट किया गया, लेकिन निर्माण संबंधी कारणों से फिल्म फिर टल गई। अब आखिरकार मेकर्स ने इसकी नई रिलीज डेट पर मुहर लगा दी है।
श्रद्धा कपूर की ‘Eetha’ से होगा ‘Toxic’ का टक्कर
हालांकि यश के लिए बॉक्स ऑफिस की राह आसान नहीं रहने वाली है। ‘Toxic’ की रिलीज के महज दो दिन बाद, 28 अगस्त को श्रद्धा कपूर की बहुचर्चित फिल्म ‘Eetha’ भी सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। ऐसे में अगस्त के आखिरी सप्ताह में दोनों फिल्मों के बीच जबरदस्त बॉक्स ऑफिस क्लैश देखने को मिल सकता है। ‘Eetha’ के फर्स्ट लुक और श्रद्धा कपूर के नए अवतार को दर्शकों से पहले ही शानदार प्रतिक्रिया मिल चुकी है।
यश के साथ नजर आयेगी कियारा आडवाणी
‘Toxic’ को राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक गीतू मोहनदास निर्देशित कर रही हैं। फिल्म का निर्माण KVN प्रोडक्शंस के बैनर तले किया जा रहा है। स्टार कास्ट की बात करें तो फिल्म में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया जैसे बड़े कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
वहीं ‘Eetha’ का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर कर रहे हैं, जबकि इसके निर्माता दिनेश विजान हैं। फिल्म में श्रद्धा कपूर के अलावा रणदीप हुड्डा, नाना पाटेकर, मोहम्मद ज़ीशान अय्यूब और सिद्धार्थ जाधव भी महत्वपूर्ण किरदार निभाते दिखाई देंगे।
अब दर्शकों की नजर इस बात पर टिकी है कि अगस्त के आखिर में होने वाले इस बड़े बॉक्स ऑफिस मुकाबले में यश की ‘Toxic’ बाजी मारती है या फिर श्रद्धा कपूर की ‘Eetha’ दर्शकों का दिल जीतने में सफल रहती है।

