पहले 40-45 दिन रहते थे बाबा बर्फानी, अब सिर्फ 5 दिन में ही क्यों पिघल गया शिवलिंग?

अमरनाथ यात्रा शुरू होने के महज पांच दिन के भीतर बाबा बर्फानी का प्राकृतिक हिम शिवलिंग करीब 90 प्रतिशत तक पिघल गया है। इस घटना ने श्रद्धालुओं और विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा दी है। आखिर ऐसा क्यों हुआ और इसके पीछे क्या संभावित कारण हैं, जानिए पूरी जानकारी।
विषयसूची
Baba Barfani: अमरनाथ यात्रा शुरू होने के महज पांच दिन के भीतर पवित्र बर्फ का शिवलिंग, जिसे श्रद्धालु बाबा बर्फानी के नाम से जानते हैं, करीब 90 प्रतिशत तक पिघल चुका है। इस घटना ने श्रद्धालुओं के साथ-साथ पर्यावरण विशेषज्ञों की भी चिंता बढ़ा दी है। अब इस मुद्दे पर प्रशासन से लेकर राजनीतिक दलों तक सवाल उठने लगे हैं।
जम्मू-कश्मीर में 3 जुलाई से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा के दौरान इस बार रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। लेकिन यात्रा शुरू होने के कुछ ही दिनों बाद पवित्र बर्फ का शिवलिंग तेजी से पिघलने लगा है। कई रिपोर्टों के अनुसार, पांच दिन के भीतर शिवलिंग करीब 90 प्रतिशत तक पिघल चुका है, जबकि कुछ लोगों का दावा है कि यह लगभग पूरी तरह समाप्त हो गया है।
हर साल बनता है बर्फ का शिवलिंग
अमरनाथ गुफा समुद्र तल से करीब 3,888 मीटर की ऊंचाई पर अनंतनाग जिले में स्थित है। यहां हर साल प्राकृतिक रूप से बर्फ का शिवलिंग बनता है, जिसे लाखों श्रद्धालु भगवान शिव का स्वरूप मानकर पूजा करते हैं। श्रद्धालु यहां पहलगाम के 48 किलोमीटर लंबे मार्ग या बालटाल के 14 किलोमीटर छोटे लेकिन कठिन रास्ते से पहुंचते हैं।
शुरुआती चार दिनों में 93 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किये दर्शन
इस साल यात्रा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जा रही है। पिछले वर्ष पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा को और मजबूत किया गया है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। शुरुआती चार दिनों में ही 93 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। दूसरे दिन ही 20 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे, जो पिछले कई वर्षों में दूसरे दिन की सबसे अधिक संख्या मानी जा रही है।
आखिर क्यों इतनी जल्दी पिघल गया शिवलिंग ?
विशेषज्ञों का मानना है कि हिमालयी क्षेत्र में बढ़ते तापमान, यात्रा मार्ग पर बढ़ते निर्माण कार्य, सड़क चौड़ीकरण, गुफा के पास अस्थायी शिविर, लंगर और भारी मशीनों के उपयोग का असर स्थानीय वातावरण पर पड़ रहा है। हालांकि अभी तक किसी एक वजह को शिवलिंग के जल्दी पिघलने का आधिकारिक कारण नहीं माना गया है।
पहले 40 से 45 दिन तक होते थे बाबा बर्फानी के दर्शन
श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले बाबा बर्फानी का प्राकृतिक हिम शिवलिंग लगभग 40 से 45 दिनों तक सुरक्षित रहता था और पूरी अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालु इसके दर्शन कर पाते थे। हालांकि पिछले कुछ वर्षों में इसकी अवधि लगातार कम होती जा रही है। इस बार यात्रा शुरू होने के महज पांच दिन के भीतर ही शिवलिंग का बड़ा हिस्सा पिघल गया।

