कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन तेज! 20 जुलाई को संसद घेरने की तैयारी, 12 दिनों से भूख हड़ताल पर सोनम वांगचुक

दिल्ली के जंतर-मंतर पर परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आंदोलन तेज हो गया है। प्रदर्शनकारी 20 जुलाई को संसद तक मार्च निकालेंगे। वहीं, पिछले 12 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का वजन 7 किलो से ज्यादा घट गया है, जिससे उनकी सेहत को लेकर चिंता बढ़ गई है।
विषयसूची
CJP Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं का आंदोलन अब संसद तक पहुंचने वाला है। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे संगठन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने घोषणा की है कि 20 जुलाई को संसद के मानसून सत्र के पहले दिन जंतर-मंतर से संसद तक शांतिपूर्ण मार्च निकाला जाएगा।
संगठन का कहना है कि इस मार्च का उद्देश्य परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग करना और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को और मजबूत करना है। CJP ने देशभर के छात्रों, अभिभावकों और आम लोगों से इस मार्च में शामिल होने की अपील की है।
12 दिनों से भूख हड़ताल पर सोनम वांगचुक
इस आंदोलन में सामाजिक कार्यकर्ता और जलवायु एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक भी शामिल हैं। वह पिछले 12 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। डॉक्टरों के अनुसार, इस दौरान उनका 7 किलो से अधिक वजन कम हो चुका है। उनकी सेहत को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।
सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया पर लोगों से 20 जुलाई को जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सिर्फ सोशल मीडिया पर समर्थन देने से बदलाव नहीं आएगा। अगर लोग वास्तव में बदलाव चाहते हैं, तो उन्हें संसद तक होने वाले शांतिपूर्ण मार्च का हिस्सा बनना चाहिए, ताकि सांसद इस मुद्दे को संसद में उठा सकें।
कमेंट करके अपना समर्थन व्यक्त कर सकते हैं 👇 https://t.co/UqHJ9EqM2i
— Cockroach Janta Party (@CJP_for_India) July 10, 2026
आखिर क्या है छात्रों की मांग
CJP का आरोप है कि NEET-UG समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं की वजह से कई छात्रों ने आत्महत्या की। संगठन इन छात्रों के परिवारों को मुआवजा देने, परीक्षा प्रणाली में सुधार करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है।
अब सभी की नजर 20 जुलाई पर है, जब संसद के मानसून सत्र के पहले दिन हजारों प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर से संसद तक मार्च निकालकर अपनी मांगों को सरकार के सामने रखने की कोशिश करेंगे।

