E25 Petrol Update: क्या जल्द बाजार में आएगा E25 पेट्रोल? सरकार ने दिया बड़ा अपडेट

E20 पेट्रोल को लेकर जारी बहस के बीच अब E25 ईंधन चर्चा में है। सोशल मीडिया पर कई दावों के बीच सरकार ने साफ किया है कि फिलहाल E25 सिर्फ टेस्टिंग के दौर में है। इसे बाजार में लाने पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।
विषयसूची
E25 Petrol: देश में E20 पेट्रोल को लेकर चल रही बहस के बीच अब E25 पेट्रोल चर्चा में है। E20 पेट्रोल को लेकर कई लोगों ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि इससे गाड़ियों के इंजन पर असर पड़ रहा है। इसी बीच E25 पेट्रोल को लेकर भी कई तरह की खबरें सामने आने लगीं। अब सरकार ने इस पूरे मामले पर अपनी स्थिति साफ कर दी है। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने साफ किया है कि फिलहाल E25 केवल टेस्टिंग के दौर में है और इसे बाजार में लाने पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है।
E25 पेट्रोल की चल रही टेस्टिंग, अभी फैलसा शेष
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि 25 फीसदी एथेनॉल मिश्रण वाले E25 पेट्रोल की फिलहाल सिर्फ टेस्टिंग की जा रही है। इसे बाजार में कब लाया जाएगा, इस पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार बिना पूरी जांच और विशेषज्ञों की राय लिए कोई निर्णय नहीं करेगी।
मंत्री ने बताया कि E25 पर वैज्ञानिक अध्ययन किए जा रहे हैं। इसके साथ ही वाहन कंपनियों, विशेषज्ञों और अन्य संबंधित पक्षों से भी चर्चा की जा रही है। टेस्टिंग पूरी होने के बाद ही तय किया जाएगा कि इसे आम लोगों के लिए उपलब्ध कराया जाए या नहीं।
क्या वाकई ख़राब हो रहे इंजन ?
हरदीप सिंह पुरी ने यह भी कहा कि पहले E20 पेट्रोल को लेकर इंजन खराब होने की जो शिकायतें सामने आई थीं, उनकी जांच की गई थी। जांच में पाया गया कि ज्यादातर मामलों में इंजन खराब होने की वजह ईंधन नहीं, बल्कि दूसरी तकनीकी समस्याएं थीं।
मंत्री नितिन गडकरी ने दी सफाई
वहीं, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि एथेनॉल का कैलोरीफिक वैल्यू सामान्य पेट्रोल से थोड़ा कम होता है। इसलिए माइलेज पर थोड़ा असर पड़ सकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि किसी वाहन का माइलेज सिर्फ ईंधन पर नहीं, बल्कि सड़क की स्थिति, ट्रैफिक और ड्राइविंग के तरीके पर भी निर्भर करता है।
सरकार का कहना है कि भविष्य में लोगों के पास कई तरह के ईंधन चुनने का विकल्प होना चाहिए। इसमें फ्लेक्स-फ्यूल वाहन, एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल और मेथनॉल जैसे वैकल्पिक ईंधन शामिल हैं। इससे पेट्रोल पर निर्भरता कम होगी, प्रदूषण घटेगा और किसानों को भी एथेनॉल उत्पादन के जरिए फायदा मिलेगा।
फिलहाल सरकार ने साफ कर दिया है कि E25 पेट्रोल अभी बाजार में नहीं आ रहा है। यह केवल परीक्षण के चरण में है और इसे लेकर अंतिम फैसला सभी जरूरी परीक्षण और विशेषज्ञों की रिपोर्ट आने के बाद ही लिया जाएगा।

