मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा से पहले पाटलिपुत्र स्टेशन पर क्यों मचा बवाल? जानिए कल रात क्या हुआ था

बिहार मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा से पहले पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर देर रात जमकर हंगामा हुआ। ट्रेनों की कमी से नाराज अभ्यर्थी रेलवे ट्रैक पर उतर आए, जिससे रेल परिचालन प्रभावित हो गया। स्थिति संभालने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी।
विषयसूची
Patliputra Station Chaos: बिहार में मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर कल शनिवार देर रात भारी हंगामा देखने को मिला। हजारों की संख्या में पहुंचे अभ्यर्थियों ने ट्रेनों की कमी का आरोप लगाते हुए रेलवे ट्रैक पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो गया और एक एग्जाम स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई।
पर्याप्त ट्रेन नहीं होने का आरोप
जानकारी के अनुसार, भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पटना पहुंचे थे। देर रात स्टेशन पर भीड़ लगातार बढ़ती गई। अभ्यर्थियों का आरोप था कि परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए पर्याप्त ट्रेनें उपलब्ध नहीं हैं। इसी बात को लेकर कुछ अभ्यर्थियों ने रेलवे ट्रैक पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान कई ट्रेनों को रोका गया, जिससे रेल परिचालन बाधित हो गया। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा। स्थिति को संभालने के दौरान पुलिस ने हवाई फायरिंग भी की।
पटना के पाटलिपुत्र स्टेशन पर बवाल, परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों का उग्र प्रदर्शन
बिहार पुलिस मद्य निषेध विभाग की परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों ने ट्रेनों के लेट होने और परीक्षा केंद्रों की दूरी को लेकर छात्रों ने ट्रैक जाम कर, स्टेशन पर तोड़फोड़, पथराव किया pic.twitter.com/ccognS9cCY
— Arjun Chaudharyy (@Arjun5chaudhary) June 14, 2026
असामाजिक तत्वों ने बिगाड़ा माहौल
पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने बताया कि प्रशासन को घटना की सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और अभ्यर्थियों को समझाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि रेलवे पहले ही दो स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था कर चुका था, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने का काम किया। उनके अनुसार कुछ लोगों ने बार-बार इमरजेंसी चेन खींची और अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन की मांग को लेकर प्रदर्शन को उग्र बना दिया। इतना ही नहीं, कुछ प्रदर्शनकारियों ने उन अभ्यर्थियों को भी रोकने की कोशिश की जो परीक्षा केंद्रों के लिए रवाना होना चाहते थे।
बल प्रयोग करने के बाद स्थिति हुई नियंत्रित
प्रशासन का कहना है कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया, जिसके बाद हालात सामान्य हो गए। सभी निर्धारित ट्रेनें अपने गंतव्य के लिए रवाना कर दी गईं और रेल परिचालन भी बहाल कर दिया गया। फिलहाल स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
4,128 पदों के लिए 16 लाख से अधिक अभ्यार्थी
गौरतलब है कि बिहार में मद्य निषेध सिपाही भर्ती के 4,128 पदों के लिए 16 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा 17 जून तक दो पालियों में आयोजित की जाएगी। इस बार परीक्षा में कड़े नियम लागू किए गए हैं। अभ्यर्थियों को अपना पेन ले जाने की अनुमति नहीं होगी और परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

