एलपीजी गैस चोरी पर बड़ी कार्रवाई और खुलासा
छत्रपति संभाजीनगर। राज्यस्तरीय सतर्कता दल ने गुप्त सूचना के आधार पर गंगापुर तहसील के खोजेवाड़ी शिवार, वैजापुर रोड स्थित होटल साईयश के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए एलपीजी टैंकर की सील तोड़कर गैस चोरी करते दो व्यक्तियों को रंगेहाथ पकड़ा।
यह कार्रवाई नियंत्रक शिधा वितरण श्री चंद्रकांत डांगे को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर श्री गणेश बेल्लाळे के मार्गदर्शन में की गई।
क्या-क्या मिला?
मौके पर एच.पी. कंपनी के दो कैप्सूल एलपीजी टैंकर पाए गए —
- टैंकर क्रमांक MH43 K 5921 में 17,590 किलोग्राम एलपीजी
- टैंकर क्रमांक MH 43 CK 5747 में 17,630 किलोग्राम एलपीजी
इसके अतिरिक्त 19.2 किलो के 17 भरे व 6 खाली सिलेंडर, 14.2 किलो का 1 भरा सिलेंडर तथा 5 किलो के 2 भरे सिलेंडर भी बरामद किए गए।
कुल जब्ती: 35,220 किलोग्राम एलपीजी गैस, 2 टैंकर और 26 सिलेंडर — अनुमानित बाजार मूल्य ₹1 करोड़ 26 लाख।

2,480 परिवारों का हक था यह गैस
अधिकारियों के अनुसार यदि इस गैस का उपयोग वैध रूप से घरेलू सिलेंडरों में होता, तो लगभग 2,480 परिवारों की ज़रूरत पूरी की जा सकती थी।
आगे क्या?
आरोपियों के विरुद्ध MIDC वाळूज पुलिस थाना, छत्रपति संभाजीनगर में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र