महाराष्ट्र के हिंगोली में बुजुर्ग किसान दंपत्ति की हत्या, खेत में खून से लथपथ मिला शव

महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में एक बुजुर्ग किसान दंपत्ति की खेत में धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना का खुलासा तब हुआ जब उनका पोता खेत पर पहुंचा और दोनों को खून से लथपथ हालत में देखा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विषयसूची
Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में एक बुजुर्ग किसान दंपत्ति की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। बासम्बा पुलिस थाना क्षेत्र के पारडा गांव स्थित खेत में अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर दंपत्ति की हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग दंपत्ति अपने खेत में मौजूद थे, तभी अज्ञात बदमाशों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना का पता तब चला जब उनका पोता खेत पर पहुंचा। वहां उसने अपने दादा-दादी को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। यह दृश्य देखकर वह घबरा गया और तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी सूचना दी।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बासम्बा पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हिंगोली के पुलिस अधीक्षक डॉ. नीलाभ रोहन ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली और जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष टीम भी गठित की है।
व्यक्तिगत दुश्मनी या मामला कुछ और ?
प्रारंभिक जांच में पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। इसमें व्यक्तिगत दुश्मनी, जमीन या संपत्ति विवाद समेत अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। हालांकि अभी तक हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और न ही किसी आरोपी की पहचान हो पाई है।
इस जघन्य वारदात के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

