पुलिस के लिए गंभीर चुनौती
Online Job Fraud Mumbai : देश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले शहर मुंबई में नौकरी की तलाश अब कई युवाओं के लिए जोखिम भरा सफर बनती जा रही है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर फर्जी जॉब ऑफर, विदेशी नौकरी, सरकारी और निजी संस्थानों-यहां तक कि नेवी, रेलवे और बीएमसी-के नाम पर लाखों रुपये की ठगी के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। पुलिस के लिए यह सिलसिला अब गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। मुंबई शहर में नौकरी के नाम पर ठगी के बढ़ते मामले पुलिस के लिए सिरदर्द हैं. कुछ मामले जान-पहचान वाले लोग कर रहे हैं, जबकि अधिकांश मामले साइबर फ्रॉड के जरिए हो रहे हैं. यह ठगी ज्यादातर ऑनलाइन होती है.

मानखुर्द की ज्योति राउत से 2.60 लाख की ठगी
Online Job Fraud Mumbai : हालिया मामलों में पहला मामला मानखुर्द इलाके का है। 28 वर्षीय शिक्षित युवती ज्योति राउत, जो बी.कॉम की पढ़ाई के बाद नौकरी की तलाश में थीं, एक ऑनलाइन जॉब पोर्टल के जरिए जालसाजों के संपर्क में आईं। आरोप है कि उन्हें आकर्षक वेतन और त्वरित नियुक्ति का भरोसा दिलाया गया। धीरे-धीरे प्रोसेसिंग फीस, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर उनसे 2 लाख 60 हजार रुपये वसूले गए। रकम जमा करने के बाद संपर्क टूट गया। ठगी का एहसास होने पर ज्योति ने मानखुर्द पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

माटुंगा में रेलवे नौकरी के नाम पर 22.50 लाख की ठगी
Online Job Fraud Mumbai : दूसरा मामला माटुंगा इलाके से सामने आया है। 25 वर्षीय सना, जो एक मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई कर रही हैं, की दोस्ती बिहार निवासी अभिनव कुमार पाठक से हुई। पुलिस के अनुसार, अभिनव ने सना के मामा अब्दुल खान (शिकायतकर्ता) को भरोसा दिलाया कि बिना परीक्षा दिए पैसे के जरिए रेलवे में सरकारी नौकरी लगवाई जा सकती है। इसके बाद अभिनव ने अब्दुल खान को अपने कथित दोस्त राजू सिंह से मिलवाया। दोनों ने नियुक्ति पत्र और अन्य दस्तावेज तैयार कराने के नाम पर बैंक ट्रांसफर के जरिए 22 लाख 50 हजार रुपये ले लिए। महीनों बीत जाने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी और संपर्क टालमटोल में बदल गया, तो अब्दुल खान ने माटुंगा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर फ्रॉड बना बड़ा खतरा
Online Job Fraud Mumbai : पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ज्यादातर मामले साइबर फ्रॉड से जुड़े हैं। जालसाज सोशल मीडिया, जॉब पोर्टल और मैसेजिंग ऐप्स के जरिए युवाओं को निशाना बना रहे हैं। कई बार जान-पहचान का भरोसा भी ठगी का माध्यम बन रहा है। एक अधिकारी ने बताया, “बेरोजगारी और जल्दी नौकरी पाने की चाहत का फायदा उठाया जा रहा है। किसी भी सरकारी नौकरी के लिए परीक्षा और निर्धारित प्रक्रिया अनिवार्य होती है। पैसे लेकर सीधे नियुक्ति का दावा पूरी तरह फर्जी है।
पुलिस ने की युवाओं से अपील
Online Job Fraud Mumbai : पुलिस ने युवाओं और अभिभावकों से अपील की है कि – किसी भी नौकरी के लिए अग्रिम भुगतान न करें और ऑफर लेटर की आधिकारिक वेबसाइट से पुष्टि करें। संदिग्ध कॉल या ईमेल की जानकारी तुरंत साइबर सेल को दें। सरकारी नौकरी के नाम पर पैसे मांगने वालों से सावधान रहें।