नाथूराम गोडसे पर बयान के बाद बढ़ा विवाद, अभिजीत दिपके के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग

नाथूराम गोडसे को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद अभिजीत दिपके के खिलाफ नागपुर के राणा प्रतापनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। हिंदू महासभा ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए पुलिस को ज्ञापन सौंपा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विषयसूची
Abhijeet Dipke: नाथूराम गोडसे को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके के खिलाफ नागपुर के राणा प्रतापनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत नाथूराम गोडसे हिंदू महासभा की ओर से संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप श्रीधर काले के नेतृत्व में पुलिस को सौंपी गई।
नाथूराम गोडसे को कहा “स्वतंत्र भारत का पहला आतंकवादी”
संदीप श्रीधर काले ने प्रभारी वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पंकज बावसे को ज्ञापन सौंपते हुए अभिजीत दिपके के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। शिकायत में कहा गया है कि दिपके ने एक मीडिया साक्षात्कार के दौरान नाथूराम गोडसे को “स्वतंत्र भारत का पहला आतंकवादी” बताया, जिससे संगठन की भावनाएं आहत हुई हैं।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि यह बयान ऐतिहासिक तथ्यों के विपरीत, मानहानिकारक और समाज में वैमनस्य फैलाने वाला है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि महात्मा गांधी हत्या मामले में न्यायालय के फैसलों और उपलब्ध कानूनी अभिलेखों के आधार पर इस तरह की टिप्पणी भ्रामक और तथ्यों से परे है।
बीएनएस की धाराओं में कार्रवाई की मांग
नाथूराम गोडसे हिंदू महासभा ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की संबंधित धाराओं के तहत अभिजीत दिपके के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि सार्वजनिक मंचों पर दिए जाने वाले ऐसे बयान सामाजिक सौहार्द को प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए इतिहास से जुड़े संवेदनशील विषयों पर जिम्मेदारी के साथ टिप्पणी की जानी चाहिए।
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। एफआईआर दर्ज होगी या नहीं, इस पर अभी कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया गया है। वहीं, इस मामले में अभिजीत दिपके की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

