नागपुर के अजनी इलेक्ट्रिक लोको शेड ने एयर-कंडीशंड कैब की सुविधा देकर रेलवे में बनाया नया उदाहरण

Ajni Electric Loco Shed AC cab locomotives Nagpur: नागपुर के अजनी इलेक्ट्रिक लोको शेड ने लोको पायलटों के लिए एयर-कंडीशंड कैब लगाने का बड़ा अभियान शुरू किया है। अब तक 196 लोकोमोटिव में यह सुविधा दी जा चुकी है। सभी इंजनों में दिसंबर 2027 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही एलईडी सिग्नल एक्सचेंज लैंप जैसी नई सुविधाएं भी जोड़ी जा रही हैं।
विषयसूची
एयर-कंडीशंड कैब से लोको पायलटों को मिलेगी बेहतर सुविधा
Ajni Electric Loco Shed AC cab locomotives Nagpur: नागपुर। मध्य रेलवे के नागपुर मंडल स्थित अजनी इलेक्ट्रिक लोको शेड ने लोको पायलटों के कार्यस्थल को आधुनिक बनाने की दिशा में उल्लेखनीय पहल की है। शेड ने अपने 312 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव में से 196 के ड्राइविंग कैब में एयर-कंडीशनिंग की सुविधा लगा दी है।
अजनी शेड के पास कुल 312 थ्री-फेज इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव हैं जिनमें 73 मेल/एक्सप्रेस और 239 मालगाड़ी इंजन शामिल हैं। ये इंजन देशभर में विभिन्न जलवायु परिस्थितियों में चलते हैं। गर्मियों में कई क्षेत्रों में तापमान 42 से 49 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचता है, जिससे इंजन की उपकरणों से निकलने वाली अतिरिक्त गर्मी के कारण चालक कक्ष का वातावरण बेहद कठिन हो जाता है।
नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विनायक गर्ग के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया जा रहा है। शेष इंजनों के लिए आवश्यक सामग्री की खरीद हो चुकी है और दिसंबर 2027 तक सभी लोकोमोटिव में एसी (AC) कैब लगाने का लक्ष्य तय किया गया है।
एलईडी सिग्नल प्रणाली से संचालन होगा अधिक आसान
नई एसी (AC) प्रणाली में 2 टन क्षमता की यूनिट, स्वचालित तापमान नियंत्रण और हीटिंग मोड की सुविधा है। सर्दियों में बाहरी तापमान 19 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने पर यह प्रणाली गर्म हवा भी देती है। नागपुर मंडल के घाट सेक्शन में बैंकिंग सेवा देने वाले मालगाड़ी इंजनों को इस योजना में प्राथमिकता दी जा रही है।
इसके अलावा, शेड ने लोकोमोटिव में एलईडी (LED) सिग्नल एक्सचेंज लैंप भी लगाए हैं। इससे लोको पायलट बिना खिड़की खोले स्टेशन कर्मचारियों से सिग्नल का आदान-प्रदान कर सकते हैं जिससे कैब का तापमान नियंत्रित रहता है और पारंपरिक झंडों की जरूरत भी खत्म हो गई है।
इस पहल से अजनी इलेक्ट्रिक लोको शेड भारतीय रेलवे के अन्य लोको शेडों के लिए एक आदर्श बनकर उभरा है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

