बडकस चौक में उत्साह के साथ मनाया गया दहीहांडी उत्सव, गोविंदा पथकों ने दिखाया दमखम

बडकस चौक मित्र परिवार की ओर से दहीहांडी उत्सव धूमधाम से मनाया गया। नितिन गडकरी सहित कई मेहमान रहे मौजूद। जानें कौन बना विजेता।
नागपुर के बडकस चौक मित्र परिवार की ओर से पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए दहीहांडी उत्सव हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। नगरसेवक सुबोध आचार्य, श्रीकांत आगलावे और अध्यक्ष पप्पू पानसे के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में गोविंदा पथकों ने शानदार प्रदर्शन किया।
महिला और पुरुष वर्ग में इन्होंने मारी बाजी
महिला वर्ग में भंडारा की एकवीरा माऊली गोविंदा पथक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दहीहांडी फोड़कर प्रथम पुरस्कार हासिल किया। वहीं पुरुष वर्ग में भंडारा के जय शितला माता मंडल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों विजेता पथकों के सदस्यों ने शानदार समन्वय और उत्साह का परिचय देते हुए उपस्थित लोगों का खूब मनोरंजन किया। विजेता गोविंदा पथकों को मध्य नागपुर के विधायक प्रवीण दटके, दक्षिण नागपुर के विधायक मोहन मते तथा भाजपा शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी के हाथों पुरस्कार प्रदान किए गए।

गडकरी सहित कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
दहीहांडी उत्सव में केंद्रीय मंत्री एवं नागपुर के सांसद नितिन गडकरी की प्रमुख उपस्थिति रही। इसके अलावा ‘मुळशी पैटर्न’ और ‘मराठी देऊळ बंद’ फिल्मों के निर्माता-अभिनेता प्रवीण तरड़े तथा अभिनेत्री स्नेहल तरड़े भी विशेष रूप से मौजूद थीं। ढोल-ताशों की गूंज, गोविंदा पथकों के जोश और नागरिकों के उत्साह से बडकस चौक का पूरा परिसर उत्सवमय हो गया। पुलिस के निर्देशों का पालन करते हुए आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र
एडिट: शिंकी सिंह

