राहुल गांधी के दिमाग की चोरी हो गई है, तलाश के लिए बनाएं समिति: सीएम फडणवीस

नागपुर में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर कांग्रेस पर सवाल उठाए।
विषयसूची
राहुल गांधी के आरोपों पर फडणवीस ने साधा निशाना
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयानों पर निशाना साधा है। नागपुर के रामगिरी में मीडिया से बातचीत के दौरान फडणवीस ने आरोप लगाया कि कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं के प्रति लोगों के मन में अविश्वास पैदा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि अगर उनका दिमाग चोरी हो गया है तो उसकी तलाश के लिए एक समिति बनाई जानी चाहिए।
वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार
फडणवीस ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा लगाए गए वोट चोरी के आरोपों पर चुनाव आयोग के तीनों आयुक्तों ने स्थिति स्पष्ट कर दी है जिससे कांग्रेस का कथित नैरेटिव उजागर हो गया है। उन्होंने कहा कि एसआईआर सहित सभी प्रक्रियाएं सर्वसम्मति से हुई हैं। कैबिनेट सचिव को भेजे गए एक पत्र को लेकर कांग्रेस भ्रम पैदा कर रही है जबकि आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह पत्र एसआईआर से संबंधित नहीं था।
ईवीएम के बाद चुनाव आयोग को लेकर सवाल पर निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा वैध ठहराए गए फॉर्म-6 को लेकर भ्रम पैदा करना न्यायपालिका के प्रति अविश्वास पैदा करने जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संविधान और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति लोगों का विश्वास कमजोर करने का प्रयास कर रही है।उन्होंने कहा कि चुनाव में सफलता न मिलने पर कांग्रेस पिछले कुछ वर्षों से चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराती रही है। पहले ईवीएम को लेकर सवाल उठाए गए लेकिन सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भी कांग्रेस अपना रुख साबित नहीं कर सकी।
बंगाल का उदाहरण देकर कांग्रेस पर सवाल
एसआईआर को लेकर फडणवीस ने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि जिन 15 विधानसभा क्षेत्रों में एसआईआर के बाद मतदाताओं की संख्या कम हुई, वहां तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार विजयी हुए। उन्होंने कांग्रेस से आत्ममंथन करने की बात कही। मुख्यमंत्री ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को राजनीतिक स्टंट बताया और कहा कि देश में अविश्वास का माहौल पैदा करने के प्रयास सफल नहीं होने दिए जाएंगे। उन्होंने राहुल गांधी के पूर्व बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह का कथित झूठ ज्यादा समय तक नहीं टिकता।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र
एडिट: शिंकी सिंह

