नागपुर: हेरिटेज होटल के हुक्का पार्लर पर पुलिस का छापा, 45 लोग हिरासत में; 3.57 लाख का सामान जब्त

नागपुर में अवैध हुक्का पार्लरों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में अपराध शाखा की एनडीपीएस टीम ने हेरिटेज होटल में छापा मारकर 45 लोगों को हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान हुक्का पॉट, तंबाकू से जुड़ा सामान और अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
विषयसूची
Nagpur Hookah Parlour Raid: नागपुर पुलिस ने अवैध हुक्का पार्लरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरिटेज होटल में चल रहे हुक्का पार्लर पर छापा मारा। अपराध शाखा की एनडीपीएस (नारकोटिक्स) टीम ने कल 1 जुलाई की देर रात यह कार्रवाई की। यह अभियान शहर में नशे और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चलाया जा रहा है।
पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने होटल में छापा मारा। इस दौरान वहां मौजूद 36 पुरुष और 9 महिलाओं समेत कुल 45 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने COTPA Act (सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में होटल के मालिक और मैनेजर को भी आरोपी बनाया गया है।
13 हुक्के और तंबाकू का सामान जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 13 हुक्का पॉट, तंबाकू से जुड़ा सामान और अन्य उपकरण जब्त किए। मौके से करीब 23 हजार रुपये का सामान बरामद हुआ। इसके अलावा वहां मिले पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। अगर जांच में किसी तरह के नशीले पदार्थ के इस्तेमाल की पुष्टि होती है तो संबंधित कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
3.57 लाख रुपये का सामान जब्त
पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई में कुल 3 लाख 57 हजार 500 रुपये का सामान जब्त किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध हुक्का पार्लरों और नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह का अभियान जारी रहेगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर उनके आसपास कहीं अवैध हुक्का पार्लर या नशीले पदार्थों से जुड़ी कोई गतिविधि चल रही हो तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

