Nagpur News: कामठी कैंटोनमेंट को येरखेड़ा नगर पंचायत में शामिल करने की मांग, राजस्व मंत्री बावनकुळे ने राजनाथ सिंह से की मुलाकात

Kamthi Cantonment Yerkheda Nagar Panchayat merger demand: नागपुर के कामठी कैंटोनमेंट क्षेत्र की समस्याओं को लेकर राजस्व मंत्री ने रक्षा मंत्री से मुलाकात की। बैठक में पानी, सड़क, सफाई और स्वास्थ्य जैसी दिक्कतों पर चर्चा हुई। साथ ही क्षेत्र को नगर पंचायत में शामिल करने का प्रस्ताव भी रखा गया। रक्षा मंत्री ने इन मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय लेने का भरोसा दिया।
विषयसूची
कामठी क्षेत्र की समस्याओं को लेकर रक्षा मंत्री से हुई अहम मुलाकात
Kamthi Cantonment Yerkheda Nagar Panchayat merger demand: नागपुर, 30 मार्च। कामठी कैंटोनमेंट क्षेत्र के नागरिकों की बुनियादी समस्याओं और इस क्षेत्र को येरखेड़ा नगर पंचायत में शामिल करने की मांग को लेकर महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे ने रविवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की।
बैठक में पानी की आपूर्ति, सड़कों की जर्जर हालत, स्वच्छता व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी – इन चार प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री बावनकुळे ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की आवश्यकता पर जोर देते हुए संबंधित विभागों को ठोस कदम उठाने की मांग रखी।
बैठक का दूसरा अहम एजेंडा था – कामठी कैंटोनमेंट क्षेत्र को येरखेड़ा नगर पंचायत में शामिल करने का प्रस्ताव। यह कदम प्रशासनिक सुविधा बढ़ाने और नागरिकों को बेहतर सेवाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रखा गया है। माना जा रहा है कि इस विलय से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी और स्थानीय निवासियों की रोज़मर्रा की परेशानियों में उल्लेखनीय कमी आएगी।
कामठी के लोगों को जल्द समाधान की उम्मीद
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सभी मुद्दों को सहानुभूति के साथ सुना और आश्वासन दिया कि इन विषयों पर उचित स्तर पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
अब नज़रें इस बात पर हैं कि केंद्र सरकार कामठी कैंटोनमेंट के नागरिकों की दशकों पुरानी माँगों पर कब और क्या ठोस कार्रवाई करती है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

