नागपुर: कामठी में महिला की बेरहमी से हत्या, मस्जिद के पास मिला खून से लथपथ शव

कामठी के शुक्रवारी बाजार इलाके में दरोगा मस्जिद के पास एक अज्ञात महिला का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस को हत्या की आशंका है और महिला की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
विषयसूची
Nagpur Crime News: नागपुर जिले के कामठी शहर के शुक्रवारी बाजार इलाके में आज शनिवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब दरोगा मस्जिद के पास एक अज्ञात महिला का खून से लथपथ शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के मुताबिक मृतक महिला की उम्र करीब 40 साल है।
धारदार हथियार से हत्या की आशंका
शुरुआती जांच में उसके शरीर पर धारदार हथियार से किए गए चार गहरे घाव मिले हैं। ये चोटें छाती, पीठ और पैर पर हैं। पुलिस का मानना है कि महिला की हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है। हालांकि हत्या के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है।
महिला के हाथ में बने टैटू से पहचान की कोशिश
महिला की पहचान करने के लिए पुलिस हर संभव कोशिश कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि महिला के हाथ पर “SMP” नाम का टैटू बना हुआ है। इसी टैटू के आधार पर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को महिला की पहचान या इस घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी हो, तो वह तुरंत नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें। फिलहाल पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर सभी पहलुओं से जांच में जुटी हुई है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। पुलिस ने आसपास के इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के लोगों और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है।

