शिक्षा के माध्यम से समाज में बदलाव की पहल
Mahajyoti bicentenary rally Nagpur: नागपुर। क्रांतिसूर्य महात्मा ज्योतिराव फुले की द्विजन्मशताब्दी के अवसर पर ‘महाज्योति’ संस्था द्वारा नागपुर में एक भव्य रैली का आयोजन किया गया, जो उत्साहपूर्वक संपन्न हुई।
मनपा स्थायी समिति की अध्यक्षा शिवानी दाणी-वखरे ने रैली को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा, “क्रांतिसूर्य महात्मा ज्योतिराव फुले के विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं। शिक्षा, समानता और सामाजिक परिवर्तन को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।”
कार्यक्रम की शुरुआत सावित्रीबाई फुले और महात्मा फुले की प्रतिमाओं को अभिवादन के साथ हुई। विभिन्न अधिकारी एवं मान्यवर इस अवसर पर उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में दाणी-वखरे ने फुले दंपत्ति के आदर्शों का अनुसरण करते हुए समाज में समानता और न्याय स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक विषमता दूर करने का सबसे प्रभावी माध्यम बताया।
फुले दंपत्ति के विचारों से प्रेरित जनजागरूकता अभियान
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर इस वर्ष को राष्ट्रीय महत्व प्राप्त हुआ है तथा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में नागपुर से इसकी भव्य शुरुआत हुई।
रैली में फुले दंपत्ति की वेशभूषा में सजीव प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। समता और जागरूकता के संदेशों के साथ रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए संविधान चौक पहुंची, जहां डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का समापन हुआ। बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अधिकारी और नागरिक इस रैली में सहभागी हुए।
द्विजन्मशताब्दी वर्ष के अंतर्गत ‘महाज्योति’ द्वारा आगे भी इसी प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने की संभावना है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र