नागपुर में उत्साह के साथ मनाया गया महाज्योति का सातवां स्थापना दिवस

Mahajyoti Seventh Foundation Day Nagpur: नागपुर में ‘महाज्योति’ का सातवां स्थापना दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। सामाजिक कार्यकर्ता शैल जैमिनी कडू ने कहा कि महात्मा ज्योतिराव फुले और सावित्रीबाई फुले की शिक्षा क्रांति को आधुनिक जरूरतों से जोड़ने का काम महाज्योति कर रही है। कार्यक्रम में भाषण, रंगोली, शतरंज और मनोरंजक प्रतियोगिताएं हुईं तथा विजेताओं और अच्छे कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
विषयसूची
फुले दंपति की शिक्षा क्रांति को आगे बढ़ा रही ‘महाज्योति’
Mahajyoti Seventh Foundation Day Nagpur: नागपुर। महात्मा ज्योतिबा फुले अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्था, नागपुर (महाज्योति) का सातवां स्थापना दिवस शनिवार को उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के प्रबंध निदेशक मिलिंद नारिंगे ने की।
सामाजिक कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ रंगकर्मी शैल जैमिनी कडू ने कहा कि क्रांतिसूर्य महात्मा ज्योतिराव फुले और क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले ने शिक्षा के द्वार आम जनता के लिए खोलकर सामाजिक परिवर्तन की नींव रखी थी। उन्होंने कहा, “फुले दंपति का उद्देश्य केवल स्कूल शुरू करना नहीं था, बल्कि वंचित समाज को विचार करने और आत्मनिर्भर बनने की शक्ति प्रदान करना था। आज उनके विचारों को कौशल प्रशिक्षण, प्रतियोगी परीक्षाओं, अनुसंधान और रोजगार के अवसरों से जोड़ना आवश्यक है।”
कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में गोवारी समाज कार्यान्वयन एवं निगरानी समिति के अध्यक्ष तथा राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त कैलाश राऊत उपस्थित रहे। इसके अलावा महाज्योति के मुख्य लेखा एवं वित्त अधिकारी तथा वनार्टी के प्रभारी प्रबंध निदेशक प्रशांत वावगे और सहायक लेखा अधिकारी वर्षा अहिर भी मौजूद थीं।
स्थापना दिवस पर प्रतियोगिताओं के विजेताओं और कर्मचारियों का सम्मान
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा ज्योतिराव फुले एवं सावित्रीबाई फुले की प्रतिमाओं के पूजन और दीप प्रज्वलन से हुई। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए वक्तृत्व प्रतियोगिता, रंगोली और शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें फुले दंपति के साहित्य एवं विचारों पर केंद्रित विषय रखे गए। एक मिनट के मनोरंजक खेलों ने भी माहौल को उत्साहपूर्ण बनाया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा वर्षभर उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला एवं पुरुष कर्मचारियों को प्रमाणपत्र और स्मृतिचिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन परियोजना अधिकारी धम्मा गजभिये ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन चैताली खड़तकर ने किया।
संस्था प्रतिवर्ष स्थापना दिवस के अवसर पर बहुजन समाज के युवक-युवतियों के लिए शिक्षा और रोजगार से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करती है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

