अभियान को सफल बनाने में सभी की भागीदारी जरूरी
Mera Gaon Swasthya Sampann Gaon Abhiyan Nagpur: नागपुर | राजस्व मंत्री एवं पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे ने गुरुवार को जिला नियोजन भवन, सदर में “मेरा गांव, स्वास्थ्य संपन्न गांव” अभियान की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान को लेकर जनजागरूकता फैलाने हेतु जल्द से जल्द जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाए।
पालकमंत्री बावनकुळे ने कहा कि सरकार सभी नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज के ग्राम स्वास्थ्य विचारों से प्रेरित है और इसकी सफलता के लिए स्वास्थ्य तंत्र के साथ-साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति का योगदान आवश्यक है। उन्होंने नागपुर जिले को इस राज्य स्तरीय अभियान में प्रथम स्थान दिलाने का आह्वान भी किया।
जिला स्तर पर कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश
यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र स्वास्थ्य विकास का व्यापक मंच है। इसमें मूलभूत स्वास्थ्य सेवाएं, पोषण, स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, जनजागरूकता, डिजिटल स्वास्थ्य डेटा संग्रहण और प्रशिक्षण जैसे महत्वपूर्ण पहलू शामिल हैं।
बैठक में जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनायक महामुनी, जिला शल्य चिकित्सक डॉ. निवृत्ती राठोड और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार गहलोत सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
अब जिला प्रशासन जल्द ही कार्यशाला की तारीख तय कर जनजागरूकता अभियान को गति देगा।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र