Nagpur News: विदर्भ में पर्यटन को नई रफ्तार, नागपुर समेत कई बड़ी परियोजनाएं जल्द होंगी शुरू

MTDC Vidarbha tourism projects Nagpur: एमटीडीसी ने विदर्भ में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई नई परियोजनाओं की घोषणा की है। नागपुर में शिवसृष्टि, नवेगांव में डेस्टिनेशन वेडिंग और एमआईसीई सेंटर, गोसीखुर्द और बोरधरण में जल पर्यटन, चिखलदरा का विकास, शेगांव रिसॉर्ट का नवीनीकरण, वर्धा में नया परिसर और लोणार में प्लेनेटोरियम विकसित करने की तैयारी की जा रही है।
विषयसूची
विदर्भ में पर्यटन विकास की कई नई योजनाओं पर काम शुरू
MTDC Vidarbha tourism projects Nagpur: नागपुर। महाराष्ट्र पर्यटन विकास महामंडल (एमटीडीसी) ने विदर्भ को राज्य के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की घोषणा की है। एमटीडीसी के प्रबंध निदेशक नीलेश गटणे ने शुक्रवार को नागपुर में पत्रकारों से बातचीत में इसकी जानकारी दी।
गटणे ने बताया कि नागपुर सहित पूरे विदर्भ में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार कर स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। नागपुर में छत्रपति शिवाजी महाराज के इतिहास और विरासत को समर्पित ‘शिवसृष्टि’ परियोजना के लिए उपयुक्त भूमि की तलाश जारी है। यह परियोजना महाराष्ट्र के पांच स्थानों पर विकसित की जाएगी।
इसके अलावा नवेगांव बांध में डेस्टिनेशन वेडिंग और एमआईसीई (मीटिंग, इंसेंटिव, कॉन्फ्रेंस, एग्जीबिशन) सेंटर बनाया जाएगा। गोसीखुर्द और बोरधरण में जल पर्यटन परियोजनाएं, चिखलदरा पर्यटन स्थल का विकास, शेगांव स्थित एमटीडीसी रिसॉर्ट का नवीनीकरण, वर्धा के पुराने रिसॉर्ट को आधुनिक व्यावसायिक परिसर में बदलने और लोणार सरोवर में प्लेनेटोरियम व रिसर्च सुविधाएं स्थापित करने की योजना भी बनाई गई है।

नागपुर में शिवसृष्टि और नवेगांव से लोणार तक कई बड़े प्रोजेक्ट की तैयारी
गटणे के अनुसार, इन परियोजनाओं के संचालन में अनुभवी निजी संस्थाओं को सार्वजनिक-निजी भागीदारी पीपीपी (PPP) मॉडल के तहत शामिल किया जाएगा, जिससे पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, स्थानीय उद्यमियों को अवसर मिलेंगे और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित होगा। ताडोबा और रामटेक जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों को बेहतर तरीके से जोड़ने की योजना भी बनाई जा रही है, ताकि देश-विदेश के पर्यटकों को विदर्भ का समग्र अनुभव मिल सके।
इस मौके पर एमटीडीसी के वरिष्ठ प्रादेशिक प्रबंधक दिनेश पाटील भी मौजूद रहे।
आने वाले दिनों में इन परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण और निविदा प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

