नागपुर जिले में 5 लाख पौधे लगाने के अभियान की शुरुआत, हर पौधे का स्थान दर्ज करने के निर्देश

Nagpur 5 Lakh Tree Plantation Campaign: नागपुर जिले में ‘300 करोड़ वृक्षारोपण–हरित महाराष्ट्र’ अभियान के तहत 5 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें 3 लाख पौधे विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत लगाए जाएंगे। ग्राम पंचायतों को हर पौधे का जियो-टैग स्थान दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। पौधों की तीन वर्षों तक देखभाल और सुरक्षा की जाएगी।
विषयसूची
नागपुर जिले में 5 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य
Nagpur 5 Lakh Tree Plantation Campaign: नागपुर, 12 अगस्त: नागपुर जिले में मंगलवार को ‘300 करोड़ वृक्षारोपण–हरित महाराष्ट्र’ अभियान की उत्साहपूर्ण शुरुआत हुई। यह अभियान विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी-जी रैम जी (VB-G RAM G) के तहत जिले की सभी तालुका ग्राम पंचायतों में एक साथ शुरू किया गया। जिले के लिए 5 लाख वृक्षारोपण का तालुकानुसार लक्ष्य तय किया गया है।
इनमें से 3 लाख पौधे विकसित भारत-जी राम जी योजना के अंतर्गत लगाए जाएंगे, जिनकी तीन साल तक देखभाल के लिए ग्राम पंचायतों को सरकारी निधि मिलेगी। शेष पौधे ग्राम पंचायतें अपनी निधि से लगाएंगी। खाली जमीन, राजस्व भूमि, गांवठाण, चरागाह, श्मशान भूमि और स्कूल परिसरों में पौधरोपण को प्राथमिकता दी जा रही है।
हर पौधे का जियो-टैग स्थान दर्ज करने के निर्देश
भिवापुर तालुका में अभियान का शुभारंभ जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनायक महामुनी के हाथों हुआ, जिसमें स्कूली विद्यार्थी, ग्रामीण, ग्राम पंचायत पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। विनायक महामुनी ने कहा, “विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने का अभियान नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं टिकाऊ भविष्य तैयार करने की मुहिम है।” उन्होंने कहा कि लक्ष्य पूरा करने के साथ हर पौधे को जीवित रखना भी उतना ही जरूरी है।
जिला परिषद के उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी कपिलनाथ कलोडे ने बताया कि लगाए गए हर पौधे का जियो-टैग लोकेशन दर्ज करने के निर्देश ग्राम पंचायतों को दिए गए हैं, ताकि अगले साल इनकी स्थिति की समीक्षा की जा सके।
जिला परिषद ने नागरिकों से भी अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

