नागपुर में ईंधन को लेकर अफवाह, प्रशासन ने कहा घबराने की जरूरत नहीं
Nagpur fuel supply shortage rumours: नागपुर, 24 मार्च। जिले में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। प्रशासन इस पर कड़ी नजर बनाए हुए है। जिलाधिकारी डॉ. विपीन इटनकर ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें।
डॉ. इटनकर ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राजस्व मंत्री तथा पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे इस स्थिति की उच्च स्तर पर लगातार समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है और जिन नागरिकों के मन में कोई भय है, उन्हें उसे तुरंत दूर कर देना चाहिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार पहले ही ईंधन आपूर्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट कर चुकी है। राज्य सरकार ने आवश्यक सेवाओं के सुचारु प्रबंधन के लिए विशेष आदेश जारी किए हैं। इसी के अंतर्गत जिला स्तर पर एक समिति गठित की गई है, जो नियमित रूप से स्थिति की समीक्षा कर रही है।
प्रशासन ने लोगों से शांति और समझदारी बनाए रखने की अपील की
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि आवश्यक सेवाओं से जुड़ी झूठी अफवाहें फैलाने वालों या इनमें बाधा डालने वालों के खिलाफ पुलिस की मदद से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल जिला प्रशासन स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है। नागरिकों से अपेक्षा की गई है कि वे जिम्मेदारी से व्यवहार करें और किसी भी असत्यापित सूचना को आगे न फैलाएं।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र