नागपुर के इंदौरा चौक फ्लाईओवर के उद्घाटन में नहीं खुली रिबन की गांठ, गडकरी-फडणवीस को करनी पड़ी मशक्कत

नागपुर इंदौरा चौक फ्लाईओवर उद्घाटन: नागपुर के इंदोरा चौक-दिघोरी चौक फ्लाईओवर के उद्घाटन के दौरान रिबन की गांठ नहीं खुली। नितिन गडकरी और देवेंद्र फडणवीस ने गांठ खोलने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में कैंची से रिबन काटकर उद्घाटन पूरा किया गया। करीब 997.44 करोड़ रुपये की लागत वाली 8.90 किलोमीटर परियोजना से नागपुर में यातायात आसान होने की उम्मीद है।
विषयसूची
इंदौरा चौक फ्लाईओवर के उद्घाटन में आया रुकावट का पल
नागपुर इंदौरा चौक फ्लाईओवर उद्घाटन: नागपुर के इंदौरा चौक के पास बने राज्य के सबसे लंबे फ्लाईओवर का उद्घाटन शनिवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान मौके पर एक दिलचस्प स्थिति देखने को मिली, जब उद्घाटन के लिए बांधी गई रिबन की गांठ आसानी से नहीं खुल सकी।
दोनों नेताओं ने काफी देर तक गांठ खोलने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। मौके पर मौजूद अन्य नेता और कार्यकर्ता भी यह नजारा देखते रहे। कुछ देर बाद कार्यकर्ताओं के बीच कैंची लाने की चर्चा शुरू हुई और आखिरकार कैंची मंगवाई गई। इसके बाद गडकरी और फडणवीस ने रिबन काटकर फ्लाईओवर का विधिवत उद्घाटन किया।

गांठ नहीं खुली तो कैंची से काटी गई रिबन
करीब 997.44 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस फ्लाईओवर को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रथम सरसंघचालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के नाम पर समर्पित किया गया है। इससे शहर के इस व्यस्त मार्ग पर यातायात व्यवस्था बेहतर होने और वाहनों की आवाजाही सुगम होने की उम्मीद जताई जा रही है।
समारोह में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। रिबन न खुलने की घटना कुछ देर चर्चा का विषय बनी रही, लेकिन कैंची की मदद से उद्घाटन प्रक्रिया पूरी कर ली गई।
आने वाले दिनों में इस फ्लाईओवर के आम जनता के लिए पूरी तरह चालू होने के बाद क्षेत्र में यातायात जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

