Nagpur Crime News: जापानी गार्डन के पास मॉर्निंग वॉक कर रहे व्यक्ति को इनोवा ने रौंदा, मौके पर मौत

Nagpur Crime News: नागपुर के जापानी गार्डन के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति को तेज रफ्तार इनोवा ने कुचला। आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार। पुलिस जांच जारी।
विषयसूची
नागपुर में दर्दनाक हादसा
Nagpur Crime News: नागपुर में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति की जान चली गई। सोंधिया जी रोजाना की तरह सुबह जापानी गार्डन में टहलने के लिए गए थे। सुबह करीब 6:10 बजे एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि सोंधिया जी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
शराब के नशे में था चालक, पुलिस ने दबोचा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इनोवा कार बहुत तेज गति में थी और आरोप है कि चालक शराब के नशे में था। कार में चालक के साथ उसके दो दोस्त भी बैठे हुए थे। इस भीषण टक्कर में चालक और उसके दोनों दोस्तों को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और नशे की पुष्टि के लिए मेडिकल जांच की जा रही है।
सुरक्षा पर उठे सवाल
सुबह-सुबह हुई इस घटना से जापानी गार्डन परिसर में अफरा-तफरी और शोक का माहौल है। रोजाना वॉक पर आने वाले नागरिकों में इस हादसे को लेकर भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सुबह के समय तेज रफ्तार और नशे में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

