नागपुर की खरबी रोड बनी हादसों का हॉटस्पॉट, एक ही रात में हुए दो सड़क हादसे

खरबी रोड की जर्जर सड़क एक बार फिर लोगों की जान पर भारी पड़ती नजर आई। एक ही रात में दो बाइक सवार सड़क पर बने गहरे गड्ढों की वजह से हादसे का शिकार हो गए। लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय लोगों में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी बढ़ रही है।
विषयसूची
Nagpur Road Accident: नागपुर के खरबी इलाके में खराब सड़क अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। कल 1 जुलाई की रात स्वामी गजानन विद्यालय के सामने बने टर्निंग पॉइंट पर एक के बाद एक दो सड़क हादसे हुए। स्थानीय निवासी कार्तिक राऊत का कहना है कि इन दोनों हादसों की वजह सड़क पर बने गहरे गड्ढे और खराब सड़क है।
कार्तिक राऊत के अनुसार, पहली घटना रात करीब 9 से 10 बजे के बीच हुई। एक बाइक सवार गड्ढे की वजह से संतुलन खो बैठा और उसकी बाइक फिसलकर सामने से आ रही बस के नीचे चली गई। अच्छी बात यह रही कि बाइक चालक समय रहते अलग हो गया, जिससे उसकी जान बच गई। अगर थोड़ी भी देर होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
कुछ ही देर बाद उसी जगह दूसरा हादसा हुआ। एक अन्य बाइक सवार भी गड्ढों की वजह से संतुलन खोकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं।
कई बार शिकायत, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई
कार्तिक राऊत ने बताया कि इलाके के लोग कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट लगाने, सड़क चौड़ी करने और डिवाइडर बनाने की मांग कर चुके हैं। लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
माँ गंगा हॉल से खरबी चौक तक सड़क बदहाल
स्थानीय लोगों के मुताबिक, माँ गंगा हॉल से खरबी चौक तक पूरी सड़क जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं, रात में पर्याप्त रोशनी नहीं रहती और डिवाइडर भी नहीं है। ऐसे में हर दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
कार्तिक राऊत ने कहा कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

