Nagpur MLA Raksha Bandhan: डॉ. आशीषराव देशमुख ने अनूठे अंदाज में मनाया रक्षाबंधन, दी 1 लाख की एफडी

Nagpur MLA Raksha Bandhan: नागपुर के सावनेर विधायक डॉ. आशीषराव देशमुख ने दिव्यांग बहनों के साथ अनोखे अंदाज में मनाया रक्षाबंधन, दी 1 लाख की एफडी और चिकित्सा सहायता।
दिव्यांग बहनों के लिए मसीहा बने सावनेर विधायक
Nagpur MLA Raksha Bandhan: भाई-बहन के अटूट रिश्ते का पर्व रक्षाबंधन इस बार सावनेर विधानसभा क्षेत्र में बेहद आत्मीय और भावुक माहौल में मनाया गया। विधायक डॉ. आशीषराव देशमुख ने अपने क्षेत्र की दिव्यांग बहनों खुशी और नावीन्या के साथ यह पावन पर्व मनाया। दोनों बहनों ने विधायक डॉ. देशमुख को राखी बांधकर उनका औक्षण किया, जिससे वहां मौजूद हर शख्स का दिल गदगद हो गया।
भविष्य को सुरक्षित करने की पहल
औपचारिक जश्न से आगे बढ़कर विधायक डॉ. देशमुख ने दोनों बहनों की पारिवारिक और दैनिक कठिनाइयों की विस्तृत जानकारी ली। उनके उज्ज्वल भविष्य को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से विधायक ने अपनी ओर से दोनों बहनों के नाम 1-1 लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) कराई, जो भविष्य में उनकी शिक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए मददगार साबित होगी।
चिकित्सा और आवास का जिम्मा
मुलाकात के दौरान विधायक ने दोनों बहनों की स्वास्थ्य जरूरतों को समझते हुए नियमित फिजियोथेरेपी का पूरा खर्च स्वयं उठाने का बड़ा निर्णय लिया। इसके साथ ही, उनके परिवार को ‘घरकुल योजना’ का लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को तुरंत आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
सुरक्षा और सम्मान का संकल्प
इस अवसर पर डॉ. देशमुख ने कहा कि रक्षाबंधन केवल धागा बांधने का नहीं, बल्कि बहन की सुरक्षा, सुख और सम्मान का जिम्मा उठाने का दिन है। बहनों के चेहरों पर आई खुशी ही इस पर्व की असली सार्थकता है। इस मानवीय पहल ने समाज में संवेदनशीलता और सामाजिक प्रतिबद्धता का एक अनूठा संदेश दिया है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

