Nagpur News: काटोल में स्कूल निरीक्षण करने गई ‘स्कूल ठीक करो’ टीम को पुलिस ने रोका, जताया विरोध

Nagpur News: काटोल तालुका के लाडगांव में स्कूल निरीक्षण करने पहुँची #स्कूल_ठीक_करो की टीम को पुलिस द्वारा रोके जाने का मामला सामने आया है।
विषयसूची
नागपुर के ग्रामीण स्कूलों की हकीकत जानने की पहल
Nagpur News: ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की वास्तविकता जानने के लिए चलाए जा रहे #स्कूल ठीक करो (#SchoolTheekKaro) अभियान की टीम बुधवार को काटोल तालुका के लाडगांव स्थित स्कूल का निरीक्षण करने पहुँची थी। टीम जब स्कूल परिसर में विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक व मूलभूत सुविधाओं का जायजा ले रही थी तब पुलिस ने उन्हें रोककर निरीक्षण करने से रोकने का प्रयास किया। इस घटना के बाद भी अभियान की टीम ने शांतिपूर्ण और संयमित रवैया अपनाते हुए अपना उद्देश्य स्पष्ट किया। टीम ने कहा कि यह अभियान किसी व्यक्ति, संस्था या प्रशासन के विरोध में नहीं है। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण विद्यार्थियों को मिलने वाली शैक्षणिक सुविधाओं, मूलभूत व्यवस्था और सुरक्षा की वास्तविक स्थिति को समझना तथा समस्याओं को प्रशासन के ध्यान में लाना है।
प्रशासन से सहयोग की अपील
अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि स्कूल बच्चों के भविष्य को आकार देने वाले महत्वपूर्ण केंद्र हैं। स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं और विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े सवाल उठाना समाज की जिम्मेदारी है। टीम प्रशासन और स्कूल प्रबंधन का सम्मान करते हुए ही निरीक्षण कर रही है। अभियान की ओर से प्रशासन से अपील की गई है कि ऐसे नागरिक-केंद्रित अभियानों में सहयोग किया जाए, ताकि ग्रामीण स्कूलों की वास्तविक समस्याओं की जानकारी सामने आ सके और उनके समाधान के लिए कदम उठाए जा सकें।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

