Security Guards Unpaid Salary: नागपुर में एक निजी सिक्योरिटी कंपनी के कामगारों ने चार महीने से वेतन नहीं मिलने के विरोध में आवाज उठाई है। क्षेत्र के प्रभाग क्रमांक 08 के नगरसेवक और स्थायी समिति सदस्य वसीम खान के नेतृत्व में पीड़ित कामगारों ने महापौर को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्या से अवगत कराया और जल्द कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि HMS (ह्यूमन मैट्रिक्स सिक्योरिटी) नाम की निजी कंपनी में कार्यरत कई सुरक्षाकर्मी और कामगार पिछले चार महीनों से बिना वेतन के काम कर रहे हैं। कामगारों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन बार-बार सिर्फ आश्वासन दे रहा है, लेकिन अब तक उन्हें उनका बकाया वेतन नहीं मिला है। जब भी वे अपने पैसे की मांग करते हैं तो कंपनी के अधिकारी ठीक से जवाब नहीं देते और कई बार उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया जाता है।
कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति बेहद ख़राब
कामगारों का कहना है कि लगातार चार महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। कई कामगारों ने बताया कि घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। बच्चों की स्कूल फीस, राशन और घर का किराया तक देना उनके लिए बड़ी परेशानी बन गया है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो उनके परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच सकते हैं।
महापौर को बताई समस्या
मामले को गंभीरता से लेते हुए नगरसेवक वसीम खान कामगारों के साथ महापौर से मिले और पूरी स्थिति की जानकारी दी। इस दौरान महापौर ने भी अधिकारियों से फोन पर बात कर मामले की जानकारी ली और संबंधित विभाग को इस पर ध्यान देने के निर्देश दिए।
नगरसेवक वसीम खान ने कहा कि कामगारों के साथ किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि कंपनी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए और सभी कामगारों का बकाया वेतन जल्द से जल्द दिलाया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि 15 मार्च को इन कामगारों का कार्यकाल समाप्त होने की बात सामने आई है, इसलिए सभी को दोबारा काम पर रखने की मांग भी की गई है।
इस दौरान प्रभाग 2 के नगरसेवक दिनेश यादव भी मौजूद रहे और उन्होंने भी कामगारों की समस्या के समाधान के लिए प्रशासन से उचित कदम उठाने की मांग की।