Nagpur News: एसआईआर सर्वे की ड्यूटी से पढ़ाई प्रभावित, छात्रों ने नगर निगम आयुक्त का किया घेराव

Nagpur SIR survey teachers duty students protest: नागपुर में एसआईआर सर्वे की ड्यूटी के कारण नगर निगम स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित होने का मामला सामने आया है। शिक्षकों को बड़ी संख्या में फॉर्म भरने और जांच करने की जिम्मेदारी दी गई है। छात्रों ने नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर आयुक्त से शिक्षकों को राहत देने की मांग की। आयुक्त ने जल्द सुधार और भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का भरोसा दिया।
विषयसूची
एसआईआर सर्वे के काम से बढ़ा शिक्षकों का दबाव, शिक्षा व्यवस्था प्रभावित
Nagpur SIR survey teachers duty students protest: नागपुर। नगर निगम स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित होने से नाराज विद्यार्थियों ने आज नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर आयुक्त डॉ. ऐठनकर के केबिन में उनका घेराव किया। छात्रों की मांग थी कि शिक्षकों को सर्वे कार्य से राहत देकर नियमित पढ़ाई शुरू कराई जाए।
दरअसल, पूरे महाराष्ट्र में इन दिनों एसआईआर (SIR) से जुड़ा कार्य तेजी से चल रहा है, जिसके तहत नागरिकों के आधार कार्ड, पैन कार्ड, वर्ष 2003 से जुड़े मतदाता संबंधी दस्तावेज व अन्य अभिलेखों का सत्यापन और संकलन किया जा रहा है। इस काम को समयबद्ध पूरा करने के लिए नगर निगम स्कूलों के शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।
जानकारी के अनुसार, हर शिक्षक को करीब 1200 फॉर्म भरवाने और उनका सत्यापन करने की जिम्मेदारी दी गई है। इतने बड़े कार्यभार से शिक्षक दबाव में हैं और नियमित शैक्षणिक कार्य के साथ यह जिम्मेदारी निभाना मुश्किल हो रहा है। नतीजतन, शिक्षक दिनभर सर्वे में व्यस्त रहते हैं और स्कूलों में नियमित कक्षाएं नहीं लग पा रहीं।

छात्रों ने नगर निगम आयुक्त से शिक्षकों को राहत देने की मांग की
आयुक्त डॉ. ऐठनकर ने छात्रों और प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि नगर निगम इस समस्या से पूरी तरह अवगत है। उन्होंने कहा कि अगले तीन महीनों में स्थिति में सकारात्मक बदलाव दिखेगा और जल्द ही शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिससे अतिरिक्त कार्यभार कम होगा।
इस प्रदर्शन में छात्रों के साथ कांग्रेस के कुछ पदाधिकारी भी शामिल रहे, जिन्होंने प्रशासनिक बोझ और शिक्षा प्रभावित होने का मुद्दा उठाया। विद्यार्थियों और अभिभावकों का कहना है कि शिक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
अब देखना यह होगा कि नगर निगम प्रशासन आश्वासन के मुताबिक कितनी जल्दी नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करता है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

