खेल रियायत अंकों के लिए अब केवल ऑनलाइन आवेदन, ऑफलाइन प्रक्रिया बंद
Nagpur Sports Grace Marks Online Application: नागपुर, कक्षा 10वीं और 12वीं के खिलाड़ी विद्यार्थियों को खेल प्रतियोगिताओं में सहभागिता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर दिए जाने वाले खेल रियायत अंक (स्पोर्ट्स ग्रेस मार्क्स) के प्रस्ताव अब केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। यह प्रक्रिया महाराष्ट्र शासन के Aaple Sarkar Portal (आपले सरकार पोर्टल) के जरिए अनिवार्य रूप से पूरी करनी होगी।
पूर्व में यह प्रक्रिया जिला क्रीड़ा अधिकारी कार्यालयों के माध्यम से ऑफलाइन पद्धति से संचालित की जाती थी। हालांकि, मानवीय त्रुटियों के कारण कई बार आवेदन जमा करने में विलंब होता था या कुछ विद्यार्थी वंचित रह जाते थे। इन समस्याओं के समाधान हेतु पिछले शैक्षणिक वर्ष से पूरी प्रक्रिया को डिजिटल कर दिया गया है और अब ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य कर दिया गया है।
आपले सरकार पोर्टल पर लॉगिन कर भरना होगा आवेदन, जिला क्रीड़ा अधिकारी ने की अपील
खिलाड़ी विद्यार्थियों को आपले सरकार ऐप या पोर्टल पर लॉगिन कर ऑनलाइन आवेदन भरना होगा। जिला, विभागीय, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में सहभागिता या उपलब्धि के लिए रियायत अंक हेतु आवेदन केवल ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन की प्रति पहले जिला क्रीड़ा अधिकारी कार्यालय, नागपुर और उसके बाद महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड को प्रेषित की जाएगी।
इस नई प्रणाली से पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित होगी। जिला क्रीड़ा अधिकारी पल्लवी धात्रक ने सभी संबंधितों से ऑनलाइन प्रक्रिया के अनुसार ही आवेदन करने की अपील की है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र