नागपुर में बनेगा देश का पहला अतिविशेषीकृत दंत चिकित्सा केंद्र, 3 महीने में लोकार्पण के निर्देश

नागपुर में बन रहे देश के पहले अतिविशेषीकृत दंत चिकित्सा केंद्र का 3 महीने में होगा लोकार्पण मुख्यमंत्री फडणवीस ने दिए निर्देश। जानें पूरी जानकारी।
विषयसूची
नागपुर डेंटल रिसर्च सेंटर में क्या-क्या मिलेंगी नई सुविधाएं
नागपुर के शासकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन अतिविशेषीकृत दंत चिकित्सा एवं अनुसंधान केंद्र का शेष कार्य तुरंत पूरा कर अगले तीन महीने में लोकार्पण करने के निर्देश मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिए हैं। अत्याधुनिक तकनीक और विभिन्न विशेषज्ञ दंत चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित इस केंद्र से विदर्भ सहित मध्य भारत के दंत रोगियों को फायदा मिलेगा। साथ ही दंत शिक्षा और अनुसंधान को भी नई दिशा मिलेगी। चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संचालनालय के अधीन शासकीय दंत महाविद्यालय एवं अस्पताल, नागपुर वर्ष 1968 से कार्यरत है। यहां रोजाना कम से कम 500 मरीज उपचार का लाभ लेते हैं। इसी संस्था में अतिविशेषीकृत सेवाएं उपलब्ध कराने के मकसद से यह केंद्र बनाया जा रहा है।
4,770 वर्ग मीटर में बन रहा अत्याधुनिक केंद्र
परियोजना के लिए करीब 22,002 वर्गफुट भूमि अधिग्रहित की गई है। केंद्र का कुल निर्मित क्षेत्र लगभग 4,770.12 वर्ग मीटर है। परियोजना के लिए निधि मंजूर होने के साथ तकनीकी मंजूरी भी दी गई है। इसका भूमिपूजन 4 जनवरी 2019 को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया था।
80 प्रतिशत काम पूरा
केंद्र की इमारत का करीब 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, जबकि बाकी काम जारी है। विद्युत कार्यों के लिए अतिरिक्त निधि की व्यवस्था की गई है। केंद्र के संचालन के लिए सरकार ने 91 पदों को मंजूरी दी है, जिनमें से 60 पद भरे जा चुके हैं।
छह नए अतिविशेषीकृत विभाग होंगे शुरू
केंद्र में डिजिटल डेंटिस्ट्री, कॉस्मेटिक डेंटिस्ट्री, ओरल इम्प्लांटोलॉजी, स्पोर्ट्स डेंटिस्ट्री, क्रैनियोफेशियल सर्जरी और फॉरेंसिक ओडोंटोलॉजी के छह नए विभाग शुरू किए जाएंगे। उपकरणों की खरीद के लिए करीब 3.89 करोड़ और राज्य योजना के तहत 3.43 करोड़ रुपए की निधि मंजूर की गई है। केंद्र शुरू होने से जटिल दंत रोगों का अत्याधुनिक उपचार, विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण तथा दंत अनुसंधान को बढ़ावा मिलेगा। इससे नागपुर विदर्भ और मध्य भारत में अतिविशेषीकृत दंत चिकित्सा का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकेगा।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र
एडिट: शिंकी सिंह

