नागपुर: चोरी का खुलासा, पुलिस ने आरोपी को दबोचा; 5 लाख का सामान बरामद

नागपुर अपराध शाखा यूनिट-02 ने सदर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 37 ग्राम सोने का हार, मोपेड और मोबाइल फोन समेत 5.05 लाख रुपये मूल्य का चोरी गया सामान बरामद कर लिया है।
विषयसूची
Nagpur Crime News: नागपुर शहर की अपराध शाखा यूनिट-02 ने सदर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की एक वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी गया सोने का हार, वाहन और मोबाइल फोन समेत कुल 5.05 लाख रुपये का माल बरामद किया है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुई आरोपी की पहचान
पुलिस के अनुसार, सदर थाना में अपराध क्रमांक 279/26 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से संदिग्ध की पहचान की और उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी जैन अली रिजवान अली बंदाली (28) ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी मूल रूप से चंद्रपुर जिले के राजुरा का निवासी है और वर्तमान में नागपुर के नरेंद्र नगर चौक स्थित दुर्गा लेआउट में रह रहा था।
सोने का हार और मोबाइल समेत कई सामान बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 37 ग्राम वजन का सोने का हार, एक जेस्ट मोपेड और एक मोबाइल फोन बरामद किया। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 5 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए सदर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

