नागपुर: ACB की बड़ी कार्रवाई! रिश्वत मांगने के आरोप में महिला पीएसआई गिरफ्तार

नागपुर में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वाठोड़ा पुलिस थाने की महिला पीएसआई प्रणाली बेनके को गिरफ्तार किया है। उन पर एक ट्रैवल्स व्यवसायी से जांच में राहत देने के बदले 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। मामले की जांच जारी है।
विषयसूची
ACB Action Nagpur: नागपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाठोड़ा पुलिस थाने में कार्यरत एक महिला पुलिस उपनिरीक्षक (पीएसआई) को रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अधिकारी की पहचान पीएसआई प्रणाली बेनके के रूप में हुई है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता 32 वर्षीय ट्रैवल्स व्यवसायी हैं। उन्होंने एक महिला के बीमा संबंधी कार्य में मदद की थी। इसके बदले वह अपने कमीशन की राशि मांग रहे थे। आरोप है कि कमीशन की रकम वापस नहीं करने पर संबंधित महिला ने व्यवसायी के खिलाफ वाठोड़ा पुलिस थाने में छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज करा दी थी।
30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग
इस शिकायत की जांच की जिम्मेदारी पीएसआई प्रणाली बेनके को सौंपी गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जांच के दौरान पीएसआई ने उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं करने और मामले में राहत देने के बदले 30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। व्यवसायी रिश्वत देने के पक्ष में नहीं थे। इसके बाद उन्होंने फरवरी 2026 में एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क कर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
ACB कार्रवाई की भनक लगते ही छुट्टी पर चली गयी थी पीएसआई
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की प्राथमिक जांच शुरू की। जांच के दौरान शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने पर मार्च 2026 में ट्रैप की योजना बनाई गई। इसी बीच आरोपी महिला अधिकारी ने कथित रूप से 10 हजार रुपये पुलिस थाने में लाकर देने की मांग की थी। हालांकि, एसीबी की कार्रवाई की भनक लगने के बाद वह अचानक छुट्टी पर चली गईं, जिसके कारण तत्काल कार्रवाई नहीं हो सकी।
इसके बाद एसीबी ने मामले की विस्तृत जांच जारी रखी। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर मंगलवार को वाठोड़ा पुलिस थाने में पीएसआई प्रणाली बेनके के खिलाफ रिश्वत मांगने का मामला दर्ज किया गया। इसके बाद एसीबी की टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

