नागपुर में किसानों को राहत, पेंच परियोजना का पानी तुरंत छोड़ने के राजस्व मंत्री बावनकुले के निर्देश

Pench project water release for Nagpur farmers: नागपुर में खरीफ फसलों की सिंचाई के लिए पेंच परियोजना का पानी तुरंत छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने अधिकारियों को किसानों तक समान रूप से पानी पहुंचाने और जल प्रबंधन पर ध्यान देने को कहा। बारिश की कमी की संभावना को देखते हुए पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
विषयसूची
पेंच परियोजना के पानी से किसानों को सिंचाई में मिलेगी राहत
Pench project water release for Nagpur farmers: नागपुर, 25 जुलाई। राज्य के राजस्व मंत्री तथा नागपुर एवं अमरावती के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने संबंधित अधिकारियों को पेंच परियोजना का पानी किसानों के लिए तत्काल छोड़ने के निर्देश दिए हैं। यह निर्देश खरीफ सीजन की फसलों को समय पर सिंचाई उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिया गया है।
मंत्री बावनकुले ने बताया कि इस वर्ष एल-नीनो के प्रभाव से वर्षा में कमी आने की आशंका है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने पेयजल प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। जल संसाधन विभाग ने सभी संभागीय आयुक्तों, जिलाधिकारियों, सिंचाई विकास निगमों, जिला परिषदों, महानगरपालिकाओं और नगर परिषदों को 31 अगस्त 2027 तक पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं।
निर्देशानुसार बांधों में उपलब्ध जल का नियोजन करते समय पेयजल आवश्यकता, वाष्पीकरण से जल हानि और जलाशयों में जमा गाद को ध्यान में रखा जाएगा। पेयजल जरूरतें पूरी होने के बाद ही शेष पानी सिंचाई व अन्य कार्यों में उपयोग होगा।
बावनकुले ने अधिकारियों को जल वितरण योजना पर विशेष ध्यान देने के दिए निर्देश
बावनकुले ने अधिकारियों को जलाशयों की स्थिति, वर्षा और भविष्य की परिस्थितियों की नियमित समीक्षा करने तथा जल वितरण योजना का समय-समय पर पुनर्मूल्यांकन करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी हाल में पेयजल संकट नहीं होना चाहिए।
उन्होंने सिंचाई विभाग को स्थानीय जनप्रतिनिधियों, जल उपयोगकर्ता संस्थाओं और किसान प्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर पानी की बर्बादी रोकने तथा नियमित निगरानी के निर्देश दिए, ताकि नहर के अंतिम छोर तक हर किसान को समान रूप से पानी मिले।
राजस्व मंत्री एवं नागपुर जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा, “किसान हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। खरीफ सीजन में फसलों को समय पर पानी मिलना अत्यंत आवश्यक है। इसलिए पेंच परियोजना का पानी सुनियोजित ढंग से तत्काल छोड़ा जाए, ताकि प्रत्येक किसान तक सिंचाई का लाभ पहुंचे। प्रशासन इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा करे।”
आगे प्रशासन जल वितरण योजना को अमल में लाकर किसानों तक पानी पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू करेगा।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

