नागपुर में 55 किलो गांजा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार; 16.51 लाख रुपये का सामान जब्त

महाराष्ट्र के नागपुर में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 55 किलो गांजा बरामद किया है। एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने शांतिनगर इलाके में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गांजे के साथ नकदी, मोबाइल, वजन कांटे और वाहन समेत लाखों का सामान जब्त किया है।
विषयसूची
Nagpur Crime News: महाराष्ट्र के नागपुर में पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 55 किलो गांजा बरामद किया है। अपराध शाखा की एंटी नारकोटिक्स सेल ने शांतिनगर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गांजे के साथ नकदी, मोबाइल फोन, वजन कांटे और दोपहिया वाहन समेत कुल 16.51 लाख रुपये से अधिक का माल जब्त किया है।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स सेल के पुलिस हवलदार ज्ञानेश्वर भोगे की शिकायत पर शांतिनगर थाने में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेख जावेद (39) और मोहम्मद हारून रशीद पिंजारी (39) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी नागपुर के शांतिनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
करीब 14 लाख का गांजा बरामद
पुलिस ने बताया कि 13 जुलाई 2026 को तड़के करीब 2:30 बजे से सुबह 5:10 बजे के बीच शेख वसीम शेख मेहमूद के घर के सामने बने टीन शेड में कार्रवाई की गई। पंचों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से 54 किलो 998 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत करीब 13 लाख 74 हजार 950 रुपये बताई गई है।
16 लाख का सामान जब्त
इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन, एक सुजुकी बर्गमैन मोपेड, 1 लाख 35 हजार 570 रुपये नकद और दो इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटे भी जब्त किए हैं। जब्त किए गए सभी सामान की कुल कीमत 16 लाख 51 हजार 520 रुपये आंकी गई है।
फिलहाल शांतिनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। इसके अलावा इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

